लखनऊ

UP Assembly Election 2022: राजनीतिक पार्टियों के टिकट वितरण का फॉर्मूला तैयार, जानें क्या है गणित

UP assembly elections 2022. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में अब कुछ माह ही बचे। सभी दल विजयी रणनीति बनाने में लग गए हैं।

लखनऊSep 15, 2021 / 06:05 pm

Abhishek Gupta

UP Vidhan Sabha

लखनऊ. UP assembly elections 2022. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में अब कुछ माह ही बचे। सभी दल विजयी रणनीति बनाने में लग गए हैं। इसी बीच मजबूत प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया में अब तेजी दिखने लगी है। पार्टियों में हाईलेवल मीटिंग शुरू हो गई है। बहुजन समाज पार्टी ने तय किया है कि छह चरणों में उम्मीदवारों को परखा जाएगा, उसके बाद ही योग्य व्यक्ति को टिकट दिया जाएगा। कांग्रेस (Congress) ने भी इच्छुक प्रत्याशियों के लिए ऐलान कर दिया है। इसमें टिकट चाहने वालों को 25 सितंबर तक 11-11 हजार रुपए का डिमांड ड्राफ्ट जमा कराना होगा। उसके बाद उनके नामों पर पार्टी हाईकमान विचार करेगी। भाजपा (BJP) ने इस बार साफ कर दिया है कि वह पार्टी में कोई भी पद संभाल रहे नेता को टिकट नहीं देगी। समाजवादी पार्टी भी अपने कर्मठ नेताओं व समाज से जमीनी स्तर पर जुड़े लोगों को ही प्रत्याशी बनाने का फैसला किया है।
तीन-तीन मंडलों से संभावित उम्मीदवारों का मांगा ब्योरा-
बसपा ने मंडल स्तर पर प्रत्याशियों के चयन की तैयारी शुरू कर दी है। शुरुआत में तीन-तीन मंडलों से संभावित प्रत्याशियों का ब्योरा मांगा गया है। इन सभी को भी छह चरणों में परखा जाएगा। पहले चरण में आठ तो दूसरे में 10 मंडलों के पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस माह पहले चरण के लिए देवीपाटन, फैजाबाद, लखनऊ व दूसरे चरण में कानपुर मंडल, आजमगढ़, गोरखपुर के पदाधिकारियों को पूरी रिपोर्ट देनी होगी। साथ ही आगे के चरणों का भी पूरा खाका तैयार करने को कहा गया है। इसके बाद उम्मीदवारों को चुना जाएगा।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस निकालेगी ‘प्रतिज्ञा यात्रा’, 12000 किमी का सफर करेगी तय

रिसर्च के बाद कांग्रेस देगी टिकट-
कांग्रेस ने इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन करने के साथ ही 11-11 हजार रुपए जमा करने को कहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (Ajay Kumar Lallu) ने इसके लिए पत्र भी जारी किया है। 11 हजार रुपए सहयोग राशि के रूप में जमा किए जाएंगे। उम्मीदवारों से फॉर्म भरवाया जा रहा है। इसमें उनके राजनीतिक करियर, कांग्रेस से जुड़ाव की अवधि, कांग्रेस की नीतियों से कितना परिचित, समाज के लिए किए गए कार्य आदि सवाल शामिल है। कांग्रेस ने इसके लिए रूट लेवल कमेटियां बनाई हैं जिनमें पार्टी के न्याय पंचायत व ग्राम पंचायत अध्यक्ष शामिल होंगे। ये कैंडिडेट के बारे में रिसर्च करेंगी और एक रिपोर्ट कार्ड इलेक्शन कमेटी को सौपेंगी। आखिर में प्रिंयका गांधी एंड टीम प्रत्याशी का चुनाव करेंगी।
भाजपा की यह है तैयारी-
भाजपा ने भी सभी जिलाध्यक्ष व ग्राम स्तर पर जिम्मेदारों को मजबूत चेहरों को एक लिस्ट तैयार करने की कहा है। भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पार्टी के पधाकारियों व प्रतिनिधियों को टिकट नहीं देगी। यदि किसी को टिकट चाहिए, तो वह नेता पहले पार्टी में अपने पद से इस्तीफा दे। इसके बाद ही संबंधित नेता टिकट की रेस में शामिल हो सकता है। सूत्रों की मानें तो मौजूदा विधायकों को भी इस बार टिकट नहीं दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त टिकट को लेकर और भी कई मानक तय हुए हैं। बताया जा रहा है कि जिन विधायकों के क्षेत्र में हुए पंचायत चुनाव में खराब प्रदर्शन रहा है, उन विधायकों को टिकट नहीं मिलेगा। साथ ही विधायकों को लेकर आंतरिक सर्वेक्षण को भी आधार बनाया जाएगा।

Home / Lucknow / UP Assembly Election 2022: राजनीतिक पार्टियों के टिकट वितरण का फॉर्मूला तैयार, जानें क्या है गणित

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.