लखनऊ

यूपी बना अपराधियों की शरणस्थली, पूरे प्रदेश में अराजकता का बोलबाला : अजय कुमार लल्लू

प्रदेश की जनता को सुरक्षा देने में योगी सरकार पूरी तरह विफल, पूरा प्रदेश जंगलराज की गिरफ्त में : अजय कुमार लल्लू

लखनऊJan 11, 2021 / 05:33 pm

Hariom Dwivedi

Ajay Kumar Lallu

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने यूपी की कानून-व्यवस्था पर योगी सरकार को घेरा। कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध, लगातार हो रही लूट और हत्या की घटनाएं, गैंगवार और बलात्कार के मामले चिंताजनक हैं। प्रदेश में पुलिस और सरकार का इकबाल अपराधियों के आगे नतमस्तक हो चला है। पूरे राज्य में अराजकता अपने चरम पर है। अपराध को अंजाम देने के बाद अपराधी खुलेआम फरार हो जाते हैं और उनकी गिरफ्तारी तक नहीं हो पाती। अब तो राजधानी लखनऊ भी आये दिन होने वाली गैंगवार से सहम उठी है। अजय लल्लू ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का आलम यह है कि यूपी अपराध में ‘ईज आफ डूइंग क्राइम’ के रूप में नये प्रतिमान गढ़ रहा है।
लल्लू ने कहा कि करोड़ों रुपये मिशन शक्ति के नाम पर खर्च करने के बाद महिला सुरक्षा की हालत यह है कि नोएडा में बहन के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की सरेराह चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गयी। सरकार कानून व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने के बजाए मनमोहक नारे देने में ज्यादा जोर दे रही है। प्रतापगढ़ में पिछले तीन दिनों में लूट की दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया गया है। मनबढ़ अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सर्राफा व्यापारी की हत्या करके फरार हो गये। मेरठ में व्यापारी दीपक प्रजापति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। अम्बेडकरनगर में दो सगे भाईयों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बस्ती में आलू व्यापारी सहित तीन लोगों की हत्या कर दी गयी। कुछ दिन पहले राजधानी के ही मोहनलागंज में पूर्व प्रधान की सरेराह गैंगवार के तहत गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। गोमतीनगर जैसे पॉश क्षेत्र में ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर अपराधियों ने न सिर्फ एक व्यक्ति की हत्या कर दी बल्कि पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। अभी तक अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। सरकार और पुलिस सिर्फ लकीर पीटने तक ही सीमित रह गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जहां एक तरफ अपराधियों पर प्रदेश की योगी सरकार और पुलिस का इकबाल लगातार समाप्त होता जा रहा है वहीं किसानों, नौजवानों, बेरोजगारों की आवाज उठाने पर कांग्रेस नेताओं पर फर्जी मुकदमे लादकर उन्हें जेल भेजने का काम किया जा रहा है। अपराध और अपराधियों से निपटने में नाकाम योगी सरकार सम्पूर्ण विपक्ष की आवाज को बन्द कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। अपराधियों को सत्ता का खुला संरक्षण मिल रहा है। यही कारण है कि आज प्रदेश में अपराधियों के पौ बारह हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। प्रदेश की जनता को सुरक्षा देने में योगी सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। पूरा प्रदेश जंगलराज की गिरफ्त में है। आम जनता का विश्वास योगी सरकार से उठ चुका है।

Home / Lucknow / यूपी बना अपराधियों की शरणस्थली, पूरे प्रदेश में अराजकता का बोलबाला : अजय कुमार लल्लू

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.