क्या है ईशा अंबानी और सोनम कपूर का ‘आनंद’ कनेक्शन, जानिए पूरा मामला

एक ओर जहां सोनम कपूर की शादी इसी माह होने वाली है वहीं ईशा अंबानी अपनी शादी तय होने का जश्न मना रही हैं।

नई दिल्ली। देश में इस समय बड़ी हस्तियों की शादियों का सीजन चल रहा है। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और मशहूर क्रिकेटर विराट कोहली व मशहूर अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की शादी के बाद देश में एक के बाद एक वीआइपी शादियों का दौर शुरु हो गया है। पहले देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी की शादी की खबरें सुर्खियों मेंं रहीं। इसके बाद मशहूर अभिनेता अनिल कपूर की बेटी और बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर की शादी सुर्खियों में छाई हुई है। सोनम कपूर की शादी अभी हुई नहीं है कि इस बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी की इकलौती बेटी ईशा अंबानी की शादी की खबरें सुर्खियां बनी हुई हैं। एक ओर जहां सोनम कपूर की शादी इसी माह होने वाली है वहीं ईशा अंबानी अपनी शादी तय होने का जश्न मना रही हैं। इन दोनों हस्तियों की शादी में एक बेहतर कनेक्शन है जिसे ‘आनंद’ कनेक्शन कहा जा सकता है। लेकिन क्या है आनंद कनेक्शन, आइए जानते हैं।
8 मई को होगी सोनम कपूर की शादी

आइए सबसे पहले बात करते हैं सोनम कपूर की शादी के बारे में। मशहूर अभिनेता अनिल कपूर की बेटी और अभिनेत्री सोनम कपूर की शादी 8 मई को दिल्ली के बड़े कारोबारी आनंद आहूजा के साथ होगी। दोनों मुंबई में सात फेरे लेंगे। सोनम कपूर के घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सोनम कपूर के होने वाले पति आनंद आहूजा दिल्ली के मशहूर बिजनेसमैन हरीश आहूजा के पोते हैं। हरीश आहूजा भारत की सबसे बड़ी कपड़ा एक्सपोर्ट कंपनी ‘शशी एक्सपोर्ट्स’ के मालिक हैं। आनंद आहूजा सेंट्रल दिल्ली में 3170 स्कवायर यार्ड में बने 173 करोड़ रुपए के बंगले में रहते हैं। आनंद पेंसिलवेनिया से ग्रेजुएट हैं। वह अपना पारिवारिक व्यापार संभालने के लिए भारत आ गए। आंनद की कंपनी शशी एक्सपोर्ट्रस का सालाना टर्नओवर 3000 करोड़ रुपए के आसपास है।
दिसंबर में होगी ईशा अंबानी की शादी

आइए अब बात करते हैं देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के इकलौती बेटी ईशा अंबानी के बारे में। ईशा की शादी मशहूर कारोबारी घराने पीरामल ग्रुप के इकलौते उत्तराधिकारी आनंद पीरामल से होने जा रही है। सगाई करने के बाद दोनों परिवारों में शादी की तारीखों को लेकर विचार-विमर्श चल रहा है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार दोनों की शादी इसी साल दिसंबर में हो सकती है। आनंद पीरामल मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनूं के बगड़ कस्बे के रहने वाले हैं।आनंद हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से ग्रेजुएट है। फिलहाल वे पीरामल एंटरप्राइज के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर है। पढ़ाई पूरी करने के बाद आनंद ने दो स्टार्टअप्स शुरू किए थे। पहला हेल्थकेयर स्टार्ट अप था, जिसका नाम पीरामल ई-स्वास्थ्य था। उनका दूसरा स्टार्टअप रियल एस्टेट का था, जिसका नाम पीरामल रिएलटी था। अब दोनों ही पीरामल एंटरप्राइज का हिस्सा है। पीरामल ग्रुप की कुल संपत्ति करीब 30 हजार करोड़ रुपए है।
ये हैं दोनों की शादी में ‘आनंद’ कनेक्शन

सोनम कपूर और ईशा कपूर दोनों ही अपने-अपने पिता की इकलौती बेटियां हैं। दोनों के पिता अपने-अपने क्षेत्र में कामयाब व्यक्ति हैं। अनिल कपूर बॉलीवुड में कामयाब अभिनेता हैं तो मुकेश अंबानी देश के सबसे सफल व्यवसायी है। दोनों के परिवारों की निजी जिंदगी एकदम साफ-सुथरी है। अब दोनों की शादी एक ही नाम के व्यक्ति के साथ होने जा रही है। सोनम के होने वाले पति का नाम आनंद आहूजा है तो ईशा के होने वाले पति का नाम आनंद पीरामल है। दोनों के ही पति देश के सफल कारोबारियों में गिने जाते हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.