नई नवेली दुल्हन ने ससुराल आए पति का काट लिया गुप्तांग, इसलिये उठाया कदम

कुशीनगर के सीमावर्ती बिहार के गोपालगंज में चल रहा पति का इलाज

<p>दुल्हन फरार (प्रतीकात्मक)</p>

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

कुशीनगर. यूपी के कुशीनगर में एक नव विवाहिता ने अपने पति का गुप्तांग काट डाला। उसका इलाज सीमावर्ती बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले में चल रहा है। कहा जा रहा है कि नवविवाहिता शादी के बाद भी चोरी-छिपे किसी दूसरे युवक से फोन पर बात किया करती थी।


जानकारी के मुताबिक कुशीनगर के सीमावर्ती बिहार प्रदेश के गोपालगंज जिले के उचकागांव थानाक्षेत्र के एक गांव के युवक की शादी चार महीना पहले कुशीनगर के तरायसुजान थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। पर शादी के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। कहा जा रहा है कि युवक की पत्नी शादी के बाद भी किसी युवक से फोन पर बात करती थी। इस बारे में जब उसके पति को पता चला तो उसने इसपर आपत्ति की और विरोध जताया।


इसको लेकर कलह हुई तो पत्नी नाराज होकर अपने माता-पिता के पास मायके में चली आई। पत्नी को मनाने क लिये पीछे-पीछे पति भी बुधवार को ससुराल पहुंचा, अगले दिन दोनों के बीच फिर तकरार शुरू हो गई। हालांकि परिवार के लोगों ने किसी तरह समझा बुझाकर दोनों को शांत करा दिया। फिर विवाद न बढ़े शायद इसलिये दोनों अलग अलग कमरे में सोए। आरोप है कि आधी रात को उसने सोते समय पति का गुप्तांग ब्लेड से काट दिया।


खून से लथपथ पति को तुरंत नजदीक के गोपालगंज सदर अस्प्ताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि वहां अपने गांव में पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में इसकी शिकायत कर तहरीर दी गई है। हालांकि तरायसुजान में पुलिस को इस घटना की जानकारी नहीं है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.