कोटा

पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ में घमासान

पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ में वर्चस्व को लेकर दो गुटों में संघर्ष जारी है। इस संघर्ष के बीच इटारसी में रविवार को कार्य समिति की बैठक हुई। इसमें कई पदाधिकारी बदले गए। कोटा के मंडल सचिव को भी बदला गया है।
 

कोटाOct 17, 2021 / 10:31 pm

Jaggo Singh Dhaker

कोटा. पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ में चल रहे घमासान के बीच रविवार को इटारसी में हुई केन्द्रीय कार्य समिति की बैठक में प्रबोध बल्दुआ को कोटा का मंडल सचिव नियुक्त किया गया है। बल्दुआ वाणिज्य विभाग में मंडल वाणिज्य निरीक्षक के पद कार्यरत हैं। संघ के जोनल अध्यक्ष आर.पी.भटनागर ने कोटा डीआरएम को पत्र लिखकर इस नियुक्ति से अवगत कराया है। पिछले काफी दिनों से संघ के जोनल अध्यक्ष आर.पी. भटनागर और महामंत्री अशोक शर्मा गुट के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। शर्मा गुट की ओर से गत 16 अक्टूबर को सागर में वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। इसमें शर्मा गुट के आर.पी. भटनागर को पार्टी से निष्कासित किए जाने का दावा किया। इसके बाद 17 अक्टूबर को भटनागर गुट की बैठक इटारसी में हुई। इसमें बल्दुआ को कोटा का मंडल सचिव चुना गया। इसकी सूचना मुख्य कार्मिक अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। इसके साथ अशोक शर्मा की ओर से बुलाई गई बैठक को असंवैधानिक बताते हुए उन्हें और उनसे जुड़े कई पदाधिकारियों को पदों से हटाकर संघ से मुक्त कर दिया गया।

Home / Kota / पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ में घमासान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.