विश्व के सबसे लम्बे एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा कोटा

आगामी जनवरी 2023 के बाद कोटा में आर्थिक विकास की नई संभावनाएं तेजी से बढ़ेंगी। एक्सप्रेस-वे चालू होने के बाद दिल्ली-मुंबई के साथ-साथ देश के कई बड़े शहरों से सीधी कनेक्टीविटी मिलेगी।

कोटा. कोटा निकट भविष्य में विश्व से सबसे लम्बे एक्सप्रेस-वे से जुड़ जाएगा। इसके बाद विकास का नया अध्याय शुरू होगा। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात राज्यों से गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे (डीएमई) 98 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से विकसित किया जा रहा है। वाया कोटा होकर गुजरने वाला 1380 किलोमीटर का भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे होगा। यह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और वित्तीय राजधानी मुंबई के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ाएगा। यह एक्सप्रेस-वे क्षेत्र के शहरी केंद्रों को दिल्ली-फरीदाबाद-सोहना खंड के गलियारे के साथ-साथ जेवर एयरपोर्ट और मुंबई में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट को एक छोटे संपर्क मार्ग के जरिए जोड़ेगा। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के छह राज्यों से गुजरने वाला यह एक्सप्रेस-वे जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, कोटा, चित्तौडगढ़़, उदयपुर, भोपाल, उज्जैन, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत जैसे आर्थिक केंद्रों से कनेक्टिविटी में सुधार लाने के साथ ही लाखों लोगों के लिए आर्थिक समृद्धि लेकर आएगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे विभिन्न वनों, शुष्क भूमि, पहाड़ों, नदियों जैसे कई विविध क्षेत्रों से गुजरेगा। दिल्ली-वडोदरा खंड के लिए स्थायी फुटपाथ डिजाइन को अपनाया गया है, जो शुष्क क्षेत्रों से गुजरता है। परियोजना की दीर्घायु बढ़ाने के लिए उच्च वर्षा वाले वडोदरा-मुंबई खंड के लिए कठोर फुटपाथ डिजाइन को अपनाया गया है। डीएमई ने हजारों प्रशिक्षित सिविल इंजीनियरों और 50 लाख से अधिक मानव दिवसों के काम के लिए रोजगार का भी सृजन किया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.