कोटा

बारिश का कहर, एक साथ सात चिताएं जली

हाड़ौती अंचल के चारों जिलों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ के हालात बन गए हैं। इस बीच बूंदी जिले में सात जनों की मौत हो गई। बारिश से मकान गिरने से हुए हादसे में दो परिवार के सदस्य अकाल मौत का ग्रास बन गए। इस घटना से हर कोई दु:खी है।

कोटाAug 04, 2021 / 07:46 pm

Jaggo Singh Dhaker

,,

कोटा/केशवरायपाटन. कोटा संभाग के केशवरायपाटन कस्बे में मंगलवार देर रात चम्बल नदी किनारे नाव घाट के रास्ते पर स्थित मकानों के ऊपर टीले की मिट्टी एवं पुराने पुलिस थाने की दीवार ढहने से दो परिवारों के ७ जनों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मकान जमींदोज हो गए। रात में सभी जने गहरी नींद में थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में एक परिवार के 5 व दूसरे परिवार के 2 सदस्यों की मौत हुई। चम्बल नदी के किनारे बसे दो सगे भाइयों के घर थे। महेंद्र कुमार केवट (35), पत्नी अनीता (32), पुत्री खुशी (10), दीपिका (7) पुत्र कन्हैया (5) थे। पास ही महावीर केवट का परिवार रहता है। उसकी पत्नी मीरा बाई (40), पुत्री तमन्ना (9) भी हादसे का शिकार हुए। मंगलवार देर रात मकानों के ऊपर के टीले की मिट्टी व पुलिस थाने की जर्जर दीवार अचानक मकानों पर गिर गई। जिससे मकान ढह गए और सभी सातों जने दब गए। प्रत्यक्षदर्शी राजेंद्र कुमार केवट ने बताया कि वह चम्बल नदी में पानी आने से अपनी नाव को देख कर लौट रहा था कि मिट्टी का टीला ढहते देखा। उसी ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। आस-पास के लोगों ने मलबे से महावीर की पत्नी मीरा बाई व पुत्री तमन्ना को निकाला, लेकिन बचा नहीं पाए। लोगों को मलाल है कि प्रशासन समय पर रेस्क्यू शुरू कर देता तो शायद कुछ को बचा लेते। सूचना पर आईजी, कलक्टर, एसपी समेत जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

Home / Kota / बारिश का कहर, एक साथ सात चिताएं जली

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.