टीचर्स कॉलोनी में तीन मकानों में 6 पॉजिटिव मिले

कोटा शहर में कोरोना वायरस का संक्रमण रोजाना नई कॉलोनियों में दस्तक दे रहा है। इससे प्रशासन व चिकित्सा विभाग की चिंता बढ़ गई है।

<p>टीचर्स कॉलोनी में तीन मकानों में 6 पॉजिटिव मिले</p>
कोटा. शहर में कोरोना वायरस का संक्रमण रोजाना नई कॉलोनियों में दस्तक दे रहा है। इससे प्रशासन व चिकित्सा विभाग की चिंता बढ़ गई है। शहर में मंगलवार को 13 नए मरीज सामने आए। इनको मिलाकर संख्या 490 पर पहुंच गई है।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि सुबह जारी सूची में तलवंडी निवासी 58 वर्षीय महिला, मछली मार्केट चिश्ती पाड़ा निवासी 17 वर्षीय किशोर, विज्ञान नगर का 12 वर्षीय बालक, छावनी का 30 वर्षीय युवक, टीचर्स कॉलोनी में 37, 63, 64, 70 व 7 वर्षीय पुरुष एवं 56 वर्षीय महिला, छत्रपुरा का 60 वर्षीय बुजुर्ग, अनंतपुरा बरड़ा बस्ती की 22 वर्षीय महिला, कोटड़ी की 65 वर्षीय महिला पॉजिटिव मिले।
टीचर्स कॉलोनी: तीन मकानों में 6 पॉजिटिव
टीचर्स कॉलोनी के 3 मकानों में 6 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। यह तीनों मकान आस-पास ही हैं। इनमें एक परिवार के बुजुर्ग दम्पती और उनका बेटा कोरोना पॉजिटिव पाया गया। बुजुर्ग दम्पती के पड़ोस में रहने वाले एक 64 वर्षीय वृद्ध भी कोरोना संक्रमित पाए गए। सात साल की एक बालिका व उसकी दादी पॉजिटिव मिले। जबकि दादाजी पहले ही पॉजिटिव मिले थे। श्रीपुरा मछली मार्केट चिस्ती पाड़ा में आए किशोर ने रेंडम सैंपल दिया था। उसके पिता किशोरपुरा इलाके में कूलर की बॉडी बनाने का काम करते हैं।
तलवंडी में बेटे के बाद अब मां पॉजिटिव
सब्जीमंडी में फलों का व्यापार करने वाले तलवंडी निवासी व्यक्ति का बेटा पहले पॉजिटिव आ चुका है। अब उसकी 58 वर्षीय मां भी पॉजिटिव आई। वहीं विज्ञान नगर निवासी 12 वर्षीय किशोर संक्रमित मिला है। उसकी मां और उसके भाई को खांसी-जुकाम की शिकायत थी। ऐसे में तीनों कोविड अस्पताल में दिखाने गए थे। वहां पर चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर नमूना लिया। इनमें वह पॉजिटिव आ गया। परिजनों ने बताया कि उनके पास एक दुकानदार पॉजिटिव आया था। उसके बाद ही से तबीयत खराब है।
अब हजार से ऊपर होने लगे टेस्ट
मेडिकल कॉलेज से जारी रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को 1102 सेम्पलों की जांच में 13 कोरोना पॉजिटिव निकले। सीएमएचओ डॉ. बीएस तंवर ने बताया कि 820 टीमों ने सर्वे किया। होम क्वारंटाइन में संदिग्धों की संख्या 775 है, जबकि जिले के क्वारंटाइन सेंटरों में अब तक 526 संदिग्ध भर्ती हुए हैं।

संबंधित विषय:

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.