शिवराज मुंबई चले जाए तो शाहरुख, सलमान को भी दे सकते मात

कमलनाथ ने जमकर साधा सीएम और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर निशाना, कहा मेरे मुख्यमंत्री काल का हिसाब मांगने वाले पहले दे अपना हिसाब

खंडवा. लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने आए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने चुनावी सभा में भाजपा और प्रदेश सरकार को जमकर आड़े हाथ लिया। सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से खंडवा पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दादा दरबार में दर्शन किए और ट्रस्ट मंडल से चर्चा की। इसके बाद वे मानसिंगका मिल तिराहा स्थित एक होटल में व्यापारियों से रुबरू हुए। व्यापारी संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा के बाद वे आम सभा को संबोधित करने उत्कृष्ट स्कूल परिसर पहुंचे।

कमलनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा मैं अपने आपको किसान पुत्र या मामा नहीं कहता हूं, जनता की सेवा करना मेरा लक्ष्य, मैं एक सेवक हूं। शिवराज सिंह चौहान ने अपने 16 साल के कार्यकाल में 22 हजार घोषणाएं की, लेकिन सब झूठी निकली। वे इतने बड़े झूठे हैं कि झूठ भी उनसे शरमा जाए। कलाकारी में तो वे मास्टर है, अगर मुंबई चले जाए तो शाहरुख खान और सलमान खान को भी मात दे सकते हैं। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भी नहीं छोड़ा। कमलनाथ ने कहा जब वह यानी की वीडी शर्मा निक्कर पहना सीख रहे थे तब मैं सांसद बन चुका था। आज मुझसे वह 15 माह की सरकार का हिसाब मांग रहे हैं, मैं कहता हूं सामने आ जाओ, भाजपा अपने 16 साल के हिसाब दे और मैं अपने 15 महा के कार्यकाल का जवाब देता हूं।

https://www.dailymotion.com/embed/video/x84t7c3
कमलनाथ ने जनता को भावनात्मक करते हुए कहा कि मैंने कौन सा पाप किया था, कौन सा गुनाह किया था, मैं तो लोगों की सेवा करना चाहता था।। भाजपा के भ्रष्टाचारियों ने एक बार फिर भ्रष्टाचार कर सरकार को गिरा दिया और झूठ की सरकार बना ली। उन्होंने केंद्र सरकार की महंगाई को लेकर भी जमकर निशाना साधा, कहा महंगाई आम आदमी के सिर के ऊपर से निकल रही है गैस हो या पेट्रोल, डीजल आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे।
नोटबंदी, जीएसटी ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी। उन्होंने कहा यह चुनाव आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव की दशा दिशा तय करेगा। आप न कांग्रेस को देखकर वोट दे, न कमलनाथ को देखकर वोट दें, सिर्फ सच्चाई के लिए वोट करें। सभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जयवर्धन सिंह, सचिन यादव, लोकसभा प्रभारी मुकेश नायक और कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह ने भी संबोधित किया।
ये बोले नेता मxच से
जीतू पटवारी– भाजपा अपने ही वरिष्ठों को सम्मान नहीं देती, जिसने यहां पार्टी को सींचा, उसके पुत्र को टिकट नहीं दिया। केंद्र में मुरली मनोहर, अडवाणी इसके प्रत्यक्ष उदाहरण है।
सचिन यादव– राजनारायण सिंह के हमारे परिवार पर कई अहसान, हम दोनों भाई मिलकर उनका ये कर्ज उतारेंगे और उन्हें जीत दिलाकर संसद में भेजेंगे।
पीसी शर्मा– ये चुनाव देश और प्रदेश की दशा-दिशा तय करेगा। इस चुनाव से सरकार को फर्क नहीं पड़ रहा, लेकिन जनता के मन की बात सामने आ जाएगी।
जयवर्धन सिंह– बहुत हो गई पेट्रोल, डीजल की मार, अबकी बार, मोदी सरकार, माता-बहनों से पूछों रसोई के दाम, घर चलाना मुश्किल हो रहा है। मोदी के कारण महंगाई बढ़ी है।
मुकेश नायक– महाभारत का वृतांत सुनाया, कहा ये कुरूक्षेत्र का रण है, जो एक किसान की भूमि पर लड़ा जा रहा है। इस रण में हमें विजयी होना है।
अरुण यादव– मेरी इज्जत, मेरी पगड़ी, मेरा मान अब आपके हवाले है, एक-एक बूथ से जीत दिलाना है। मेरा बूथ, मेरा स्वाभिमान ये मंत्र याद रखना।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.