कौशाम्बी में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप, प्रेमी ने जबरन बनाए संबंध फिर दो युवकों ने किया बलात्कार

जंगल में प्रेमी-प्रेमिका को धमका कर दो युवकों ने किया दुष्कर्म
घटना के दूसरे दिन पीड़िता पहुंची थाना, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

कौशांबी. उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के सराय अकिल थाना इलाके में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी के साथ पहले तो उसके प्रेमी ने जंगल मे लेजाकर जबरन शारिरिक संबंध बनाए। उसके बाद मौके पर पहुंचे तीन युवकों में से दो युवकों ने डरा धमकाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। शुक्रवार की दोपहर हुई इस वारदात की शिकायत शनिवार को पुलिस तक पहुंची। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य तीन आरोपी युवकों की तलाश में जगह-जगह छापामारी कर रही है।


जिले के करारी थाना इलाके की एक किशोरी पड़ोस के गांव मैहर में संचालित सिलाई सेंटर में सिलाई सीखने जाती थी। शुक्रवार को जब वह सिलाई सेंटर पहुंची तभी उसके प्रेमी पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के उमरपुर गांव निवासी राजू का फोन उसके मोबाइल पर आया। बात करने के बाद किशोरी अपने प्रेमी के साथ बाइक से सराय अकिल थाना के कनैली गांव के नजदीक किलनहाई नदी किनारे जा पहुंची। किशोरी का आरोप है कि प्रेमी ने उसके साथ नदी किनारे जंगल में जबरन शारीरिक संबंध बनाया। जिस वक्त प्रेमी युवक किशोरी के साथ जबरदस्ती कर रहा था उसी समय वहां तीन अन्य युवक जा पहुंचे, जिनमें से दो युवकों ने किशोरी को डरा-धमकाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। रेप करने के बाद तीनों युवक किशोरी और उसके प्रेमी को चुप रहने की धमकी देते हुए फरार हो गए। डरे सहमे प्रेमी युगल भी वहां से लौट कर अपने घर चले गए।


पीड़िता की माने तो वह लोक लाज के भय से पुलिस के पास घटना वाले दिन नहीं गई। शनिवार को उसने हिम्मत कर सराय अकिल थाना पहुंच मामले की सूचना पुलिस को दिया। किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की जानकारी होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के बाद तीन नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी प्रेमी राजू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस नामजद आरोपी सत्यम व गुलशन की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जिले के आला पुलिस अधिकारियों ने मीडिया के सामने चुप्पी साध रखी है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.