खुशखबर ! केंद्रीय पुलिस बलों में निकली 76 हजार से अधिक पदों की भर्ती

बेरोजगारी के आंकड़ों को लेकर विपक्ष तथा सरकार में मचे घमासान के बीच गृह मंत्रालय ने केन्द्रीय पुलिस बलों में भर्ती का बड़ा निर्णय लेते हुए 76 हजार 500 खाली पदों पर भर्ती का अभियान शुरू किया है।

<p>Jawans Recruitment</p>

बेरोजगारी के आंकड़ों को लेकर विपक्ष तथा सरकार में मचे घमासान के बीच गृह मंत्रालय ने केन्द्रीय पुलिस बलों में भर्ती का बड़ा निर्णय लेते हुए 76 हजार 500 खाली पदों पर भर्ती का अभियान शुरू किया है। गृह मंत्रालय के अनुसार इस भर्ती अभियान के लिए सभी जरूरी तैयारी पूरी कर ली गई है। इनमें से 54 हजार 953 पद सिपाही (सामान्य ड्यूटी) के हैं जिनके लिए कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) सीधी भर्ती करेगा। आयोग इस भर्ती के लिए 11 फरवरी से 11 मार्च तक कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा का आयोजन करेगा। इनमें 7 हजार 646 पद महिलाओं के लिए हैं।

सिपाही के 54 हजार 953 पदों में से सबसे अधिक 21 हजार 566 केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), 16 हजार 984 सीमा सुरक्षा बल (सीसुब), 8 हजार 546 सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), 4 हजार 126 भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और 3 हजार 76 असम रायफल्स में हैं। शेष रिक्त पदों पर केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में भर्ती की जाएगी। कुल पदों में से 1073 उप निरीक्षक के हैं जिनमें से 508 बीएसएफ, 274 सीआरपीएफ, एसएसबी में 206 और आईटीबीपी में 85 पद हैं। इनमें से 38 पद महिलाओं के लिए होंगे। इस पद के लिए भी कर्मचारी चयन आयोग 12 से 16 मार्च तक लिखित परीक्षा के जरिए सीधी भर्ती करेगा।

सहायक कमांडेंट के 466 पद रिक्त हैं और इनके लिए केन्द्रीय लोक सेवा आयोग सीधी भर्ती कर रहा है। इसकी लिखित परीक्षा का परिणाम गत 10 जनवरी को घोषित किया जा चुका है। चुने गए उम्मीवारों की शारीरिक और मेडिकल जांच 25 फरवरी से की जाएगी। इसके अतिरिक्त केन्द्रीय पुलिस बलों में ट्रेडसमैन, मिनिस्ट्रीयल, मेडिकल, फार्मास्यूटीकल, कम्युनिकेशन और इंजीनियरिंग में पदोन्नति से 20 हजार रिक्तियां भरी जा रही हैं। इस तरह कुल मिलाकर 76 हजार 578 भर्ती होंगी।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.