पानी भरने के विवाद में एसिड अटैक, 23 लोग झुलसे

– बदला लेने कि लिए खौफनाक अंजाम, छत पर चढ़कर की एसिड की बारिश

<p>पानी भरने के विवाद में एसिड अटैक, 23 लोग झुलसे</p>

झांसी. यूपी के बुन्देलखंड झांसी के उल्दन थाना क्षेत्र के बसार गांव में पानी भरने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष के लोगों ने तेजाब से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिसमें गांव के 23 लोग झुलस गए। झुलसे हुए लोगों में पांच लोगों की हालत गंभीर बनी हुई जिनका झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में हड़कंप का माहौल बना हुआ है सूचना पाकर झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे अधिकारियों ने घटना की पूरी जानकारी ली।

उल्दन थाना क्षेत्र के बसार गांव में देर रात अचानक पानी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया जिसमें एक पक्ष के लोगों ने घर की छत पर जाकर दूसरे पक्ष के लोगों पर एसिड से हमला कर दिया। एसिड के इस हमले में लगभग 23 लोग झुलस गए। यह देखकर गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने झुलसे हुए सभी लोगों को उपचार के लिए समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जिसमें पांच लोगों की हालत नाजुक होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दो हैंडपंप लगे हैं, जिनमें सबमर्सिबल लगाकर पानी भरा जाता है। बुधवार की रात लाइट नहीं आने से सबमर्सिबल नहीं चल रहा था। इसके बाद एक पक्ष के लोग हैंडपंप से पानी भरने आए। मौके पर ही दोनों पक्षों में जमकर वाद विवाद हुआ। इसके बाद सैकड़ों की तादाद में ग्रामीणों ने एक घर को घेर लिया। खुद को घिरता देख छत पर खड़े लोगों ने घर की छत से नीचे खड़े दूसरे पक्ष के लोगों पर तेजाब से हमला कर दिया। इस हमले के बाद मौके पर भगदड़ मच गई।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना को लेकर 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जिसमें से 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की तलाश की जा रही ही और मामले की जांच करने के साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है। जो भी इस मामले में दोषी साबित होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ सजा दी जाएगी।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.