जौनपुर

जौनपुर में सेल्फी के चक्कर में तीन युवक नदी में डूबे

यूपी के जौनपुर में नदी में नहाने गए तीन युवक सेल्फी लेने के चक्कर में डूब गए। जौनपुर की बसुही नदी में हुआ हादसा। तीनों को ढूंढने के लिये गोताखोर लगाए गए हैं। तीनों लाॅकडाउन में दिल्ली से घर आए थे।

जौनपुरAug 30, 2020 / 07:28 pm

रफतउद्दीन फरीद

सेल्फी लेते समय नदी में डूबे

जौनपुर. रामपुर थाना अन्तर्गत गढ़वा हमराज तिवरान के पास रविवार को बसुही नदी में नहाने गए एक किशोर और दो युवक डूब गए। तीनों लॉकडाउन में दिल्ली से अपने घर आए थे। नहाने के दौरान सेल्फी के चक्कर में तीनों गहरे पानी में चले गए। तभी एक युवक डूबने लगा। उसको बचाने में तीनों डूब गए। पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी है।

 

थानाक्षेत्र के गढ़वा हमराज तिवरान निवासी विशाल (15), निलेश (19) व सूर्यप्रकाश (18) दिल्ली रहते हैं। लॉकडाउन लगा तो तीनों घर लौट आए। रविवार को तीनों गांव के पास ही पथरहवा घाट पर नदी में नहाने गए थे। बताया जाता है कि तीनों सेल्फी लेने के चक्कर में गहरे पानी में चले गए। पास में मौजूद तीनों के चाचा ने ऐसा करने से मना किया, लेकिन वे नहीं माने।

 

इसी बीच विशाल का पैर फिसल गया और वो डूबने लगा। उसको डूबता देख दोनों बचाने की कोशिश करने लगे। देखते ही देखते तीनों डूब गए। शोर मचा तो आस पास के लोग जुट गए। सूचना देने पर उपजिलाधिकारी कौशलेश मिश्रा, थानाध्यक्ष व चौकी इंचार्ज जमालापुर ईश्वर चन्द्र त्रिपाठी मौके पर पहुुच गए। गोताखोरों की मदद से तीनों की तलाश शुरू की गई, लेकिन घंटों तक उनका कुछ पता नहीं चल सका। एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने बताया कि तीनों की तलाश जारी है।

By Javed Ahmad

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.