बलिया के बाद यूपी के जाैनपुर में भरी पंचायत में चली गोलियां, जमकर हुई पत्थरबाजी

रास्ते के विवाद को लेकर इकट्ठा थे काफी संख्या में लोग

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

जौनपुर. सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बरैयाका़ज़ी गांव में रविवार को भरी पंचायत में गोली चल गई। दोपहर को भूमि व रास्ते के विवाद को लेकर पंचायत बुलाई गई थी। तभी दोनों पक्षों की तरफ से पथराव शुरू हो गया। एक पक्ष के फायरिंग करने से गांव में दहशत फैल गई।

गांव के रामजीत व ग़ुलाम के बीच काफी दिनों से जमीन व रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। कई बार समझौता भी हो चुका था। रविवार को दोनों पक्ष के लोगों ने फिर पंचायत बुलाई। पंचायत चलने के कुछ देर बाद ही विवाद होने लगा। आरोप है कि रामजीत पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग झोंक दी। गोली शरीर को छूते हुए निकल गई।

 

इसके बाद दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना के बाद पंचायत में जुटे लोग इधर-उधर भाग निकले। किसी ने सूचना दी तो मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। हालांकि तब तक उपद्रवी भाग निकले थे। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

By Javed Ahmad

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.