5 बजे मची हलचल, 6 बजे बंद हो गए बाजार

5 बजे मची हलचल, 6 बजे बंद हो गए बाजार

<p>5 बजे मची हलचल, 6 बजे बंद हो गए बाजार</p>
पोकरण. प्रत्येक मार्ग पर पसरा सन्नाटा, तैनात पुलिस बल, हर व्यक्ति अपने घर की तरफ जाने को आतुर…। कुछ ऐसे ही हालात नजर आए शुक्रवार शाम पांच बजे के बाद, जब सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश भर में कफ्र्यू लगाने की घोषणा की गई। छह बजे तक बाजार बंद हो गए और पसर गया सन्नाटा। गौरतलब है कि देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के कारण संक्रमितों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में सरकार की ओर से सख्ती बरती जा रही है। मुख्यमंत्री की ओर से शुक्रवार शाम छह बजे से सोमवार को सुबह पांच बजे तक प्रदेशभर में लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई है। जिसके अंतर्गत पांच बजे सभी बाजार बंद करने के आदेश दिए गए थे। शुक्रवार शाम पांच बजते ही दुकानदार जल्दी में अपने सामान समेटते नजर आए। साढ़े पांच बजे तक अधिकांश दुकानदार अपने घरों की तरफ रवाना हो गए। इसके बाद छह बजे तक पूरे बाजार व दुकानें बंद हो गए। जिससे मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसर गया।
पुलिस बल ने की समझाइश
शाम साढ़े पांच बजे बाद थानाधिकारी माणकराम विश्रोई पुलिस बल के साथ पुलिस थाने से रवाना हुए। उन्होंने जयनारायण व्यास सर्किल, स्टेशन रोड, जैसलमेर रोड, जोधपुर रोड, अस्पताल रोड, फलसूण्ड तिराहे, फलसूण्ड रोड, खींवजबास, भवानीपुरा, चौधरियों की गली, गांधी चौक सहित मुख्य मार्गों पर गश्त की। इस दौरान दुकानदारों को समझाइश कर उन्हें दुकानें बंद करवाई तथा घरों की तरफ जाने की अपील की।
याद आए लॉकडाउन के दिन
गत वर्ष इन दिनों में सरकार की ओर से लॉकडाउन लगाया गया था। जिसके कारण पूरे बाजार बंद पड़े थे। शुक्रवार शाम जब पांच बजे बाद बाजार बंद हुए, तो लोगों को पुन: गत वर्ष के लॉकडाउन की याद आ गई। इस याद ने कोरोना की भयावहता को भी याद दिलाया तथा लोग दहशत में भी नजर आए।
पान मसाले व किराणे की दुकानों पर रही भीड़
लगातार दो दिन तक बाजारों के बंद रखने की घोषणा के बाद शुक्रवार को दोपहर बाद कस्बे के किराणे व पान मसाले की दुकानोंं पर भीड़ नजर आई। बड़ी संख्या में लोगों ने पान मसाले, किराणे के साथ अपने आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी भी की।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.