छंटाई के नाम पर पार्क के उखाड़े दर्जनों हरे पेड़

प्रताप नगर घरोंदा योजना के डी ब्लॉक पार्क का मामला, लोगों में आक्रोश

<p>छंटाई के नाम पर पार्क के उखाड़े दर्जनों हरे पेड़</p>
जयपुर। एक तरफ जहां सरकार पेड़ों का कटाव रोकने और अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण बचाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। वहीं कुछ वन माफिया हरे पेड़ों का कटाव धड़ल्ले से कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। प्रताप नगर के नगर निगम ग्रेटर वार्ड 118 में नियमों को ताक पर रखकर हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलवा दी गई। प्रताप नगर के सेक्टर-29 स्थित घरोंदा योजना के डी ब्लॉक पार्क में करीब एक दर्जन हरे पेड़ों को जेसीबी से उखाड़ दिया।
हरे-भरे पेड़ उखाडऩे को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। पार्क में लगे नीम, करंज, शीशम सहित अन्य हरे पेड़ों को उखाड़ा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो दिन से पार्क में लगे बड़ी संख्या में हरे पेड़ों को जेसीबी से उखाड़ा जा रहा है। उन से पूछा तो बताया कि पार्षद पति ने कहा है, इसलिए काट रहे हैं। काटने वालों को मना किया, पर उन्होंने नहीं सुनी। लोगों ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने भी मौके पर जाकर वीडियोग्राफी कर औपचारिकता पूरी कर ली।
पार्क में नगर निगम की ओर से पेड़ों की छंटाई की जा रही है। पेड़ों को उखाड़ दिया गया तो मैं जयपुर से बाहर हूं, आकर देखता हूं।
गिर्राज शर्मा, पार्षद पति

सरकार व नगर निगम पार्कों को पेड़-पौधे लगाकर हरा-भरा बना रही है। वहीं निगम ने प्रताप नगर में हरे पेड़ों को उखाड़ा है तो जिस अधिकारी या ठेकेदार ने पेड़ों को उखाड़ा है। उसके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
सुमन शर्मा, कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.