राजस्थान से चार हजार ट्रैक्टर किसानों की दिल्ली रैली में होंगे शामिल, कांग्रेस नेता जुटे व्यवस्था में

राहुल-प्रियंका का कार्यक्रम तय नहीं होने से अब बड़े नेता भी नहीं होंगे ट्रैक्टरों में सवार, आधा दर्जन जिलों के ट्रैक्टर रात तक पहुंचेंगे कोटपूतली, प्रदेश कांग्रेस नेता जुटे व्यवस्थाओं में

सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। किसानों की दिल्ली में 26 जनवरी को होने वाले ट्रैक्टर रैली में प्रदेश से 4 हजार से ज्यादा टै्रक्टर शामिल होंगे। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर करीब आधा दर्जन जिलों से ट्रैक्टर रवाना किए गए। इनकी जिम्मेदारी क्षेत्रीय विधायकों को दी गई। यह रात तक कोटपूतली पहुंचेंगे। जहां से मंगलवार सुबह शाहजहां बॉर्डर के लिए ट्रैक्टर रवाना होंगे।
इस कार्यक्रम में पहले राहुल और प्रियंका गांधी के आने की संभावना को देखते हुए बड़े नेताओं के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही थी। लेकिन गांधी के आने का कार्यक्रम नहीं बनने के चलते अब प्रदेश के बड़े नेता रैली में शामिल नहीं होंगे। हालांकि सोमवार को जयपुर से प्रदेश कांग्रेस सेवादल की ट्रैक्टर रैली को परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास और सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी ने रवाना किया।
सूत्रों के मुताबिक रैली को लेकर दिल्ली बॉर्डर के आसपास के आधा दर्जन जिलों के विधायकों व क्षेत्रीय नेताओं को ट्रैक्टर बड़ी संख्या में भेजने का लक्ष्य दिया गया था। इस रैली को राजनीतिक रूप नहीं देने के चलते सभी को कांग्रेस के झण्डे के स्थान पर तिरंगा लगाने के लिए कहा गया था। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि रैली में शामिल होने के लिए राजस्थान से चार हजार से ज्यादा ट्रैक्टर पहुंचेंगे।
ट्रैक्टरों का शाम को कोटपूतली पहुंचना शुरू हो गया था। अधिकृत रूप से कांग्रेसी रैली में किसानों के स्वेच्छा से शामिल होने की बात कर रहे हैं। रैली में टै्रक्टर जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, सीकर, झुंझुंनूं, दौसा, अलवर जिले से शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस की ओर से इन जिलों के विधायकों को सौ-सौ टै्रक्टर रैली में भेजने के लिए कहा गया है।

देर रात तक कोटपूतली पहुंचने के बाद रात्रि विश्राम वहीं करेंगे। इसके बाद सुबह सभी टै्रक्टर कांग्रेस नेताओं की देखरेख में शाहजहांपुर बॉर्डर के लिए रवाना होंगे। पहले कहा गया था कि राहुल-प्रियंका गांधी के आने पर प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा सहित सभी बड़े नेता टै्रक्टरों पर सवार होकर रैली में शामिल होंगे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.