कोरोना संकटकालः सरकार के साथ कांग्रेस संगठन, पीसीसी में 24 घंटे का कंट्रोल रूम शुरू

– कोरोना संक्रमित मरीजों और उनके परिवारजनों की हर संभव मदद करेगा कंट्रोल रूम, -24 घंटे के लिए तीन शिफ्ट में काम करेगा पीसीसी कंट्रोल रूम, जिला और ब्लॉक लेवल पर भी कांग्रेस कार्यकर्ता जुड़ेंगे पीसीसी कंट्रोल रूम से, कांग्रेस की हरावल ब्रिगेड को भी मिलेगी अहम जिम्मेदारी, सोनिया गांधी के निर्देश पर सभी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालयों में खोले गए कंट्रोल रूम

<p>कांग्रेस के कंट्रोल रूम के जरिए मिल सकेंगे प्लाज्मा डोनर</p>

जयपुर। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के चलते जहां एक और सरकार लगातार कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कई कड़े कदम उठा रही है तो वहीं अब कोरोना संकटकाल की इस घड़ी में प्रदेश कांग्रेस का संगठन भी सरकार के साथ खड़ा हो गया है।

कोरोना संकट में संक्रमित मरीजों और उनके परिवार जनों की हर संभव मदद के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में 24 घंटे का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जो आज सुबह 9 बजे से शुरू हो गया है। इस कंट्रोल रूम के जरिए प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों उनके परिवारजनों और निर्धन परिवारों के घरों में राशन पहुंचाने, पका भोजन पहुंचाने और उनको मेडिकल चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का काम भी कंट्रोल रूम के जरिए किए जाएंगे।

तीन-तीन लोगों की टीम 24 घंटे करेगी काम
बताया जाता है कि 24 घंटे चलने वाले कंट्रोल रूम में 3-3 नेताओं की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक, दूसरी शिफ्ट 3 बजे से रात 9 बजे तक और तीसरी शिफ्ट रात 9 बजे से सुबह 9 बजे तक रहेगी।

जरूरतमंद लोग पीसीसी कंट्रोल रूम से कर सकते हैं संपर्क
बताया जाता है कि संक्रमित मरीजों उनके परिवारजनों और अन्य लोगों को कोई भी आवश्यकता हो तो वह मदद के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के फोन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं, जिसके बाद तुरंत उनसे संपर्क कर उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा।

वहीं पीसीसी कंट्रोल रूम में तैनात नेताओं की माने तो 24 घंटे चलने वाले कंट्रोल रूम से जिला और ब्लॉक लेवल तक के कार्यकर्ता सीधे जुड़े रहेंगे। साथ ही वे अपने अपने क्षेत्रों में संक्रमित मरीजों उनके परिजनों और अन्य लोगों के बारे में जानकारी लेकर उसे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को अवगत करवाएंगे, जिसके बाद कंट्रोल रूम संबंधित जिलों के अधिकारियों से चर्चा कर लोगों को हर संभव मदद करेंगे।

सोनिया गांधी के निर्देश पर शुरू हुए कंट्रोल रूम
दऱअसल शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से बुलाई गई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में सभी राज्यों में कांग्रेस नेताओं सभी राज्यों के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालयों में कंट्रोल रूम शुरू करने और लोगों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्य़क्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पीसीसी में 24 घंटे का कंट्रोल रूम शुरू किया।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.