जबलपुर के गांव में मिला महिला का रक्तरंजित शव

हत्या के वक्त घर में अकेली थी महिला

<p>महिला की हत्या</p>
जबलपुर. जिले के मझौली अभाना गांव में एक महिला का रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव घर में मिला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार घटना के समय महिला घर में अकेली थी। उसका पति तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल में गया था। वहीं बेटे मझौली गए थे।
घटना का खुलासा तब हुआ जब दोपहर में पति घर लौटा। घर के भीतर घुसते ही उसने पत्नी का रक्तरंजित शव देखा तो चीख निकल गई। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। उन्हीं लोगों में से किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एफएसएल टीम के साथ एएसपी व एसडीओपी मौके पर पहुंचे। गांव वालों ने महिला के घर से उसके पड़ोसी को भागते हुए देखने की बात बताई है।
मझौली पुलिस के अनुसार अभाना गांव निवासी मुन्नीबाई रैकवार (42) की लाश उसके घर में रविवार दोपहर 12 बजे के लगभग परछी में पड़ी थी। पति कोजीलाल रैकवार ने बताया कि वह सुबह जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गया था। वहीं उसके 20 वर्षीय व 17 वर्षीय दोनों बेटे भी सुबह काम पर मझौली चले गए थे। दोपहर में पति कोजीलाल लौटा तो पत्नी रक्तरंजित हालत में पड़ी थी। कोजीलाल ने शोर मचाकर गांव वालों को बताया। दिनदहाड़े हत्या की खबर फैलते ही मौके पर गांव के लोग जमा हो गए। गांव वालों की सूचना पर मझौली थाने की पुलिस पहुंची। खबर पाकर एएसपी शिवेश सिंह बघेल और एफएसएल की टीम भी पहुंची। पुलिस के मुताबिक महिला सिर, पीठ में बके जैसे धारदार हथियार से वार किया गया है।
एएसपी शिवेश सिंह बघेल के मुताबिक महिला के घर के पीछे ही संदीप बर्मन नाम का युवक रहता है। दोपहर में गांव वाले उसे हाथ में बका लेकर भागते हुए देखे थे। आशंका व्यक्त की जा रही है कि हत्या के बाद वह मौके से भागा होगा। शादी-शुदा 30 वर्षीय संदीप का कोजीलाल के घर आना-जाना था। उनका साथ में उठना-बैठना भी होता था। कोजीलाल के बेटों ने बताया कि नौ हजार रुपए के लगभग संदीप को उसकी मां ने दिए थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी पैसे के लेन-देन को लेकर हुई कहासुनी के बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया होगा।
वहीं कोजीलाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि उसका संदीप बर्मन से जमीन को लेकर विवाद था। उसकी पैतृक जमीन पर संदीप ने कब्जा कर लिया है। इसी के विवाद में उसने हत्या की होगी। एएसपी शिवेश सिंह बघेल का कहना है कि संदीप अभी लापता है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम लगाई गई है। गिरफ्तारी के बाद असल कारण सामने आएगा। ऐसी संभावना है कि तत्कालिक विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया होगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.