सामान्य से नीचे रहा पारा
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से चार डिग्री नीचे बना रहा। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से तीन डिग्री नीचे बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 69 प्रतिशत और शाम को 37 प्रतिशत थी। दक्षिण-पश्चिमी हवा 6-8 किमी प्रतिघंटा की औसत गति से चली। प्रदेश में दिन का सबसे ज्यादा तापमान 43 डिग्री रतलाम में दर्ज हुआ।
एक और नया सिस्टम, मंडराते रहेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार विदर्भ, बिहार और दक्षिणी तमिलनाडु के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है। पूर्व-पश्चिम ट्रफ लाइन पंजाब से बिहार तक और उत्तर-दक्षिण ट्रफ लाइन विदर्भ से कर्नाटक तक गुजर रही है। इसके कारण शहर का मौसम भी प्रभावित हो रहा है। हिन्द महासागर में एक चक्रवात बन रहा है। इसके 14 मई तक निम्न दाब क्षेत्र में विकसित होने का अनुमान है। आगामी तीन-चार दिन तक अभी शहर में हल्के बादल बने रहने की सम्भावना है। तेज हवा चलने के साथ बूंदबांदी भी हो सकती है। तापमान में तेज वृद्धि नहीं होगी।