साप्ताहिक राशिफल Weekly Horoscope : जानें 11 से 17 जनवरी 2021 के साप्ताहिक राशिफल में आपके लिए क्या है खास

11 जनवरी 2021 से 17 जनवरी 2021 के बीच बन रहीं ग्रहों की स्थिति…
 

<p>11 to 17 january 2021 weekly horoscope of all zodiac signs</p>

जीवन में हर दिन कुछ न कुछ परिवर्तन लेकर जरूर आता है, ऐसे में हर कोई भविष्य को लेकर आशांवित रहने के साथ ही आशंकित भी रहता है। हर दिन की तरह ही हर सप्ताह भी हमारे जीवन में कई तरह की खटटे मीठे अनुभवों के साथ ही कुछ नया लाता है। ऐसे में अपनी आशाओं और जिज्ञासा के चलते हर कोई अपने आने वाले समय के बारे में जानने के लिए लालयित रहता है।

जानकारों की मानें तो ज्योतिष ही ऐसा विज्ञान है, जो भविष्य को लेकर काफी हद तक सटीक स्थितियों के बारे में बताता है। इसी को देखते हुए आज हम आपको आने वाले सप्ताह के बारे में बता रहें हैं कि ज्योतिष की गणना के अनुसार ये 11 जनवरी 2021 से 17 जनवरी 2021 तक के समय को लेकर आपके ग्रह किस ओर इशारा कर रहे हैं।

तो 11 जनवरी 2021 से 17 जनवरी 2021 के बीच बन रहीं ग्रहों की स्थिति के चलते किस राशि के लोगों को क्या असर होगा जानने के लिए यहां देखें…

1. मेष राशि
इस सप्ताह आपका शुभ अंक 9 व शुभ रंग नारंगी रहेगा। शुरुआती दिनों में कारोबार के सिलसिले में छोटी दूरी की यात्रा संभव है। जो सुखद एवं लाभप्रद होगी। इसके अलावा इस समय किसी प्रिय परिजन से लंबे समय बाद संपर्क करने का मौका मिलेगा। सप्ताह के मध्य में छात्रों व युवाओं में परीक्षा या फिर कॅरिअर की चिंता को लेकर को तनाव बना रहेगा। उचित होगा इस समय नकारात्मक विचारों से दूर रहें। कोई अप्रिय सूचना आपको मानसिक अस्थिरता दे सकती है। वहीं सप्ताह के अंत में भूमि-भवन के विषय से जुड़े कार्यों में कुछ एक अड़चनें आ सकती हैं। बढ़ते हुए पारिवारिक मतभेद भी स्वास्थ्य सुख में कमी कर सकते हैं। प्रेम संबंधों में सोच समझकर कदम बढ़ाएं अन्यथा अपमानित होना पड़ सकता है।

 

2. वृषभ राशि
यह सप्ताह बीती बातों को भुलाकर आगे बढ़ें। शुभ अंक 2 व शुभ रंग आसमानी के साथ अपना ईगो छोड़कर परिस्थितियों के साथ तालमेल बनाकर आगे बढ़ें। सप्ताह के शुरु में यदि आप अपने कार्यक्षेत्र में बदलाव का विचार कर रहे हैं तो इस संबंध में सोच समझकर निर्णय लें। यदि एक कदम पीछे करने से दो कदम आगे जाने की संभावना बन रही हो तो लाभप्रद स्थिति को अपनाएं। वहीं सप्ताह के अंत में लाभ क्षेत्र में अत्यधिक उतार-चढ़ाव आने के योग बन रहे हैं। इस दौरान क्रोध करने से बचें। संतान के स्वभाव में जिद्द का भाव आने के योग बन रहे है। अपनी सेहत पर विशेष ध्यान दें।


3. मिथुन राशि
इस सप्ताह आपका शुभ अंक 6 व शुभ रंग हरा रहेगा। इस पूरे सप्ताह आपको समय का प्रबंधन करके चलना होगा। आलस्य या चीजों को कल पर टाल देने पर हाथ आई सफलता दूर हो जाएगी। युवाओं का अत्यधिक समय मौज मस्ती के साथ गुज़रेगा और पुराने दोस्त से मुलाकात होगी। इस सप्ताह अपनी सेहत का विशेष ख्याल रखें। बाहर के खाने से परहेज करें, अन्यथा स्वास्थ्य बिगड़ सकता हैं। दाम्पत्य जीवन सामान्य रहेगा। सप्ताह के अंत में अधिकारियों द्वारा आपके कार्यों की सराहना होने की संभावनाएं बन रही हैं। जबकि व्यापार के लिए कर्ज लेने की संभावनाएं बन रही हैं। पहल करने से अपने व्यावसायिक लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं।


4. कर्क राशि
इस सप्ताह अपने से बड़ों का मार्गदर्शन लेकर चलने से कार्यों में भाग्य का सहयोग मिलना आरम्भ हो जाएगा। वहीं इस दौरान आपका शुभ अंक – 4 व शुभ रंग – कत्थई रहेगा। अधिकारी व सहयोगियों के कारण योजनाएं समय पर पूरी हो जायेंगी। अधीनस्थ फिर भी आपकी परेशानियों का कारण बन सकते हैं। खान-पान में विशेष ध्यान दें। प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों का ध्यान पढ़ाई से हट सकता है। प्रेम संबंधों में किसी तीसरे के आने से मन अशांत रहेगा। इस सप्ताह हाथ दबाकर खर्च करने की जरूरत है, अन्यथा सप्ताह के अंत तक आपको कर्ज लेने की नौबत आ सकती है। आपके ख़र्चे आपके बजट को बिगाड़ सकते हैं।

5. सिंह राशि
सौभाग्य इस सप्ताह दस्तक दे रहा है। आपका शुभ अंक – 2 व शुभ रंग – धानी रहेगा। किसी भी कार्य को योजनापूर्वक करने से सफलता मिलेगी। सप्ताह की शुरुआत में अपने प्रतियोगियों यानि कंपीटीटर्स की नीतियों को नाकाम करने में व्यस्त रह सकते हैं। कमीशन से जुड़े लोगों के लिए लाभ के योग बनेंगे। सप्ताह के मध्य कहीं से अचानक धन की प्राप्ति होगी। कोई नई साझेदारी आरंभ की जा सकती है। माता और स्वयं की सेहत के प्रति ख़ास ध्यान दें। फिट रहने के लिए दिनचर्या में सुधार करें और योग व ध्यान करें। सप्ताह के अंत में बड़े व्यापारिक लेन-देन करते वक़्त अपनी भावनाओं पर क़ाबू रखें। धन निवेश से जुड़े अहम फ़ैसले सोच समझकर लें।

6. कन्या राशि
शुभ रंग – आसमानी और शुभ अंक – 4 के साथ इस सप्ताह अपनी भावनाओं पर काबू करने की बहुत जरूरत है। किसी के साथ नई मित्रता आरंभ हो सकती है, लेकिन ख्याल रहे कि ऐसी स्थिति में पुराने दोस्तों की उपेक्षा भूलकर भी न करें। दांपत्य जीवन हो या प्रेम संबंध, आपको अपने पार्टनर की भावनाओं की अनदेखी करने से बचना होगा, अन्यथा बात ज्यादा बिगड़ सकती है। अधिकारी व सहयोगियों के कारण योजनाएं समय पर पूरी होंगी। वरिष्ठजनों का अनुभव आर्थिक क्षेत्र की बाधाओं में कमी करेगा। सप्ताह के बीच में संतान के भविष्य को लेकर मन चिंतित रहेगा। इस दौरान क्रोध व व्यंग्यपूर्ण पूर्ण शब्दों के प्रयोग से बचें।


7. तुला राशि
इस सप्ताह शुभ अंक 7 व शुभ रंग सफेद के चलते समय और सेहत दोनों का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है। सप्ताह की शुरुआत में यदि आप दूसरों की बात मानकर कहीं धन निवेश करने की सोच रहे हैं, तो ठहर जाएं और खूब सोच समझकर ही कोई बड़ा फैसला लें। इस समय अनावश्यक खर्च से मन चिंतित रहेगा। सप्ताह के मध्य में परिजनों से किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है। इस दौरान छोटी या बड़ी दूरी की यात्रा भी संभव है। महिलाओं की धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। सप्ताह के अंत में लव पार्टनर द्वारा प्रेम या विवाह के प्रस्ताव पर हामी भर देने से आपका मन प्रसन्न रहेगा। संतान पक्ष से कोई सुखद समाचार मिल सकता है।

 

8. वृश्चिक राशि
शुभ रंग लाल व शुभ अंक 2 के साथ सप्ताह की शुरुआत में लंबी दूरी की यात्रा हो सकती है। यात्रा सुखद एवं लाभदायक रहेगी। दांपत्य जीवन सुखी रहेगा और प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। किसी के साथ प्रेम संबंध या जुड़ाव के लिहाज से यह समय काफी अच्छा है। लेकिन किसी से उतना ही वादा करें, जितना पूरा कर सकते हों, अन्यथा आपको शर्मिंदा होना पड़ सकता है। सप्ताह के अंत में समय पर कार्य पूरे नहीं होने से मन विचलित रहेगा। इस दौरान शब्दों का सावधानी के साथ प्रयोग करें। वाणी की कटुता बनते कामों को बिगाड़ सकती है।

9. धनु राशि
शुभ रंग पीला व शुभ अंक 5 के साथ यह समय अवसर का लाभ उठाने का है। किसी महिला मित्र की मदद से लंबे समय से अटका कार्य पूरा होगा। कॅरिअर और कारोबार में मनचाही सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। फुटकर व्यापारियों को अपेक्षा से अधिक लाभ होगा। आर्थिक तौर पर सुधार के चलते ख़ुद को सबके बीच मजबूत महसूस करेंगे। सप्ताह के अंत में किसी बड़े निर्णय को लेने से पहले परिजनों की राय जरूर लें। इस दौरान लव पार्टनर या फिर जीवनसाथी के साथ बेहतर समय बिताने का मौका मिलेगा।


10. मकर राशि
इस सप्ताह दूसरों के फटे में टांग अड़ाने से बचें अन्यथा कोर्ट कचहरी के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। वहीं शुभ अंक 8 व शुभ रंग भूरा होने के साथ किसी के बहकावे में आने से बचना चाहिए। एक से अधिक प्रेम संबंध रखने से बचें, अन्यथा आपको अपमानित होना पड़ सकता है। साथ ही पारिवारिक सुख-शांति भी प्रभावित हो सकती है। सप्ताह के अंत में प्रेम संबंधों में लव पार्टनर की बेरुखी से मन उदास रहेगा। दांपत्य जीवन में भी कुछ मनमुटाव की स्थिति बन सकती है। महिलाओं का समय मध्यम है।


11. कुंभ राशि
इस सप्ताह आपका शुभ रंग नीला और शुभ अंक 7 है। इस समय किसी भी योजना में धन निवेश करने से पहले अपने शुभ चिंतकों की राय जरूर ले लेनी चाहिए। सप्ताह के प्रारंभ में दांपत्य जीवन में किसी बात को लेकर तनाव हो सकता है। इस दौरान प्रेम संबंधों में सावधानी रखने की जरूरत है। संतान को लेकर भी मन चिंतित रहेगा। कार्यक्षेत्र में गुप्त शत्रुओं से सतर्क रहें और अपनी लीडरशिप में किसी तरह की कमी न आने दें। सप्ताह के मध्य में अनावश्यक चीजों पर अधिक धन खर्च होने के कारण मन खिन्न रहेगा। कार्य विशेष में सफलता के लिए भाग्य की बजाय अपने काम को बेहतर तरीके से करने पर जोर दें।


12. मीन राशि
शुभ रंग सुनहरा और शुभ अंक 5 के साथयह सप्ताह खुशियों की सौगात लेकर आ रहा है। सप्ताह के प्रांरभ में परिजनों के साथ हंसी खुशी समय बिताने का मौका मिलेगा। इस दौरान आप अपने जीवनसाथी के साथ लंबी यात्रा पर निकल सकते हैं। लंबे समय से अटका धन वापस मिल सकता है। किसी के साथ प्रेम संबंध अथवा जुड़ाव की दृष्टि से यह सप्ताह बहुत बढ़िया है। किसी मित्र के साथ मिलकर किसी कार्य योजना अथवा कारोबार के लिए आगे कदम बढ़ा सकते हैं। मेडिकल, केमिकल से जुड़े व्यापारियों को मनचाहा लाभ होगा। मित्रता प्रेम संबंधों में बदल सकती है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.