रोग और उपचार

चीन के बाद हेपेटाइटस के सबसे ज्यादा मामले भारत में

चिंताजनक तस्वीर : डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट, 10 देशों में पाए गए दो-तिहाई केस, दुनिया में हर साल होने वाली मौतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण

Apr 12, 2024 / 12:13 am

ANUJ SHARMA

चीन के बाद हेपेटाइटस के सबसे ज्यादा मामले भारत में

नई दिल्ली. हेपेटाइटिस से दुनिया में हर दिन 6,000 से ज्यादा लोग संक्रमित हो रहे हैं। इस वायरल संक्रमण से रोजाना औसतन 3,500 मौतें हो रही हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ‘वल्र्ड हेपेटाइटिस रिपोर्ट 2024’ में यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में वैश्विक स्तर पर हेपेटाइटिस बी और सी के सबसे ज्यादा 8.38 करोड़ मामले चीन में सामने आए। भारत इस मामले में दूसरे नंबर पर है, जहां 3.53 करोड़ मामले दर्ज किए गए। इनमें हेपेटाइटिस बी के 2.98 करोड़ और हेपेटाइटिस सी के 55 लाख मामले शामिल थे।
हेपेटाइटिस पर विश्व स्वस्थ्य संगठन की यह पहली व्यापक रिपोर्ट है। इसमें बताया गया कि हेपेटाइटिस के सबसे ज्यादा प्रभावित दस देशों में चीन और भारत के अलावा बांग्लादेश, इथोपिया, इंडोनेशिया, नाइजीरिया, पाकिस्तान, फिलीपींस, रूस और वियतनाम शामिल हैं। दुनिया में हेपेटाइटिस बी और सी के दो-तिहाई मामले इन दस देशों में हैं।
हर साल 13 लाख मौतों के लिए जिम्मेदार

रिपोर्ट में 187 देशों में हेपेटाइटिस के प्रभाव और आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता के आंकड़े पेश करने के साथ चेतावनी दी गई कि यह बीमारी वैश्विक स्तर पर संक्रामक बीमारियों से होने वाली मौतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण है। यह दुनिया में हर साल 13 लाख मौतों के लिए जिम्मेदार है। गंभीर रूप से संक्रमित आधे से ज्यादा लोगों की उम्र 30 से 54 साल के बीच है, जबकि 12 फीसदी बच्चे भी इसकी चपेट में हैं।
बहुत कम पीडि़तों के रोग का निदान

डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ. टैड्रॉस ऐडहेनॉम घेबरेयेसस ने कहा कि रिपोर्ट चिंताजनक तस्वीर पेश करती है। हेपेटाइटिस का संक्रमण रोकने में वैश्विक स्तर पर प्रगति के बावजूद मौतों का आंकड़ा बढ़ रहा है। उनके मुताबिक बहुत कम हेपेटाइटिस पीडि़तों के रोग का निदान हो पा रहा है। 2022 में 25.4 करोड़ लोग हेपेटाइटिस बी, जबकि पांच करोड़ हेपेटाइटिस सी के साथ जी रहे थे।

Home / Health / Disease and Conditions / चीन के बाद हेपेटाइटस के सबसे ज्यादा मामले भारत में

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.