ढाबा पर खाना खतरे से खाली नहीं, पढ़िए ये खबर

दिल्ली से सटे मशहूर ढाबा पर कोरोना का कहर, 65 कर्मचारी संक्रमित, दो दिन के लिए बंद

सोनीपत। दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत जिले में मुरथल का मशहूर सुखदेव ढाबा पर कोरोना का कहर टूटा है। ढाबा पर काम करने बाहर से आए 65 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। किसी में कोई लक्षण नहीं होने के कारण सभी को उनके घरों में क्वारंटाइन कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर ढाबा को दो दिन के बंद कर दिया गया है। विसंक्रमित किया जा रहा है। इस तरह फिलहाल ढाबा पर खाना खतरे से खाली नहीं है।
350 सैम्पल लिए थे
उप सिविल सर्जन डॉ. दहिया ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर ढाबा पर काम करने वाले कर्मचारी व श्रमिकों के सैंपल लेने का काम चल रहा है। 31 अगस्त को सुखदेव ढाबा के संचालक ने उन्हें बताया था कि उन्होंने अभी बाहर से भी कुछ कामगार बुलाए हैं। उन्होंने उनके भी सैंपल लेने का अनुरोध किया था। इस तरह ढाबे पर करीब 350 सैंपल लिए गए थे। अब इनमें 65 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी सूचना ढाबा संचालक को दे दी गई है।
100 में से 65 संक्रमित

उधर, ढाबा संचालक अमरीक सिंह ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले बिहार से बस द्वारा करीब 100 कामगारों को बुलाया था। ये कामगार पहले भी उनके पास काम करते थे और लॉकडाउन के दौरान अपने घर चले गए थे। सभी ढाबा के साथ लगते क्वार्टर में ठहरे हुए थे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से सभी का कोरोना जांच करने का अनुरोध किया था। इस पर सभी के सैम्पल लिए गए थे। इनमें से ही 65 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर ढाबा को दो दिन के लिए बंद कर दिया है।
पहलवान भी हो चुके हैं संक्रमित

बता दें कि जिले में कोरोना के संक्रमित मरीजों की रफ्तार एक बार फिर से तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को पहलवान विनेश फौगाट के पति सोमबीर राठी सहित 191 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए, जबकि 80 लोग संक्रमण से ठीक होकर घर लौटे। विनेश फौगाट व कुश्ती कोच ओपी दहिया 28 अगस्त को कोरोना संक्रमित मिले थे। हालांकि अब उनकी दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.