दूसरे दिन ट्रैक्टर रैली पहुंची संगरूर, राहुल गांधी ने कहा- अडानी-अंबानी के लिए जमीन साफ कर रहे मोदी

कस्बा भवानीगढ़ की अनाज मंडी में हुई जनसभा, महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचीं
रैली में नहीं पहुंचे नवजोत सिंह सिद्धू, ट्रैक्टर पर लगाई गई है गद्दी वाली सीट

<p>पंजाब में संगरूर जिले के भवानीगढ़ में अनाज मंडी में हुई सभा के मंच पर राहुल गांधी एवं अन्य।</p>
चंडीगढ़। नए कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ट्रैक्टर रैली का पंजाब में आज दूसरा दिन है। ट्रैक्टर रैली को कांग्रेस ने ‘खेती बचाओ यात्रा’ का नाम दिया है। रैली सोमवार को संगरूर जिले के कस्बा भवानीगढ़ की अनाज मंडी में पहुंची। यहां हुई बड़ी सभा में राहुल गांधी ने कहा- मोदी सरकार अडानी और अंबानी के लिए जमीन साफ कर रही है। सरकार किसान की आजादी छीनना चाहती है लेकिन कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी। रैली को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ और हरियाणा से राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी संबोधित किया।
सिद्धू और मनप्रीत बादल नहीं पहुंचे

रैली में नवजोत सिंह सिद्धू और वित्त मंत्री मनप्रीत बादल नहीं पहुंचे। इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। नवजोत सिंह सिद्धू ने पहले दिन मंच से कैप्टन को कई तरह की नसीहतें दी थीं। सर्वविदित है कि कैप्टन और सिद्धू में छत्तीस का आंकड़ा है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ही सिद्धू को मनाने में लगे हुए हैं।
नोटबंदी बड़ा घोटाला था

राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी और नोटबंदी ने अर्थव्‍यवस्‍था को बहुत नुकसान पहुंचाया है। नोटबंदी बड़ा घोटाला था। अब तीन कृषि कानूनों के जरिये केंद्र की भाजपा सरकार किसानों को बर्बाद करना चाहती है। ये कानून किसानों के लिए नहीं बल्कि अडानी और अंबानी के लिए बनाए गए हैं। कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

राहुल गांधी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे । महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। किसानों को लाने के लिए कांग्रेस ने बसों की व्यवस्था की थी। वैस अधिकांश किसान अपने ट्रैक्टरों से आए। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।
राहुल गांधी
दुआ है कि राहुल प्रधानमंत्री बनें- कैप्टन अमरिन्दर सिंह

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि मेरी दुआ है कि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनें, ताकि वे इस काले कानून को रद्द करके किसानों को राहत प्रदान करें। कानून में बदलाव संभव है, जरूरत बस कोशिश करने की होती है। यह कहना गलत है कि कानून में संशोधन नहीं हो सकता है। पंजाब सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा के लिए पंजाब विधानसभा की बैठक बुलानी पड़े या सुप्रीम कोर्ट जाना पड़े हम हर कदम उठाएंगे।
देश की आर्थिकता को तोड़ने की कोशिश- विजय इंदर सिंगला

कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा पारित किए गए काले खेती कानूनों के लागू होने से खेती प्रधान राज्यों के किसान, आढ़ती, मजदूर और इस क्षेत्र से जुड़े अन्य व्यक्तियों का भविष्य तबाह हो जाएगा। कृषि ही देश की आर्थिक स्थिति का आधार है और केंद्र यह कानून पास करके देश की आर्थिकता को तोड़ने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी
रैलीस्थल पर लंगर, ट्रैक्टर पर गद्दी वाली सीट

रैली स्थल की बेरीकेडिंग की गई थी। लोगों को धातु खोजी यंत्रों से गुजारा गया। कोरोना से बचाव के पूरे इंतजाम किए गए थे। सबका तापमान मापा गया। विसंक्रमित किया गया। लंगर भी लगाया गया था। राहुल गांधी का 60 फीट ऊंचा होर्डिंग आकर्षण का केन्द्र रहा। राहुल गांधी के लिए विशेष प्रकार का ट्रैक्टर तैयार किया गया है। बैठने के लिए गद्दी वाली सीट लगाई गई है।
छह अक्टूबर का कार्यक्रम

6 अक्टूबर को, पटियाला जिले के दुधन सधन गांव से एक सार्वजनिक बैठक के साथ रैली शुरू हो जाएगी। ट्रैक्टर रैली 10 किमी पिहोवा सीमा पर जाएंगी। वहां से राहुल गांधी पड़ोसी राज्य हरियाणा में प्रवेश करेंगे। हरियाणा सरकार उन्हें रोकने पर आमादा है। कांग्रेसी हरियाणा में जाकर विरोध करने के लिए कटिबद्ध हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.