पत्नी के सामने पति को चाकुओं से गोदा, पत्नी ने जताया संदेह

कैंट थानांतर्गत ग्राम खेजरा की घटना

<p>पत्नी के सामने पति को चाकुओं से गोदा, पत्नी ने जताया संदेह</p>

गुना. कैंट थाने के तहत ग्राम खेजरा में पत्नी के सामने ही उसके पति की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी और आरोपी भाग निकला। स्थानीय लोगों ने जब इसकी सूचना पुलिस को दी तो उसके कुछ समय बाद पुलिस पहुंची और मौका का मुआयना कर प्रकरण दर्ज किया। पत्नी ने पति के ही नजदीकी दोस्त पर हत्या का संदेह जताया है।

 

ग्राम खेजरा निवासी देवेन्द्र (२६) पुत्र बाबूलाल यादव अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ गांव से करीब एक किमी दूर नैनसुहाया मार्ग पर खेत पर बने टपरे में रह रहा था। मंगलवार की रात वह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ टपरे में सो रहा था। पत्नी व बच्चे नीचे फर्श पर सो रहे थे और देवेन्द्र चारपाई पर सो रहा था । तभी अचानक से एक व्यक्ति आया और चारपाई पर सो रहे देवेन्द्र पर चाकुओं से कई वार कर दिया,जिससे देवेन्द्र की मौके पर मौत हो गई।

पुलिस ने किया मौके पर मुआयना
मृतक की गर्दन व पेट में चाकू के गहरे घाव मिले हैं। सूचना पर कैंट पुलिस व एफएसएल अधिकारी आरसी अहिरवार मौके पर पहुंचे। तो शव बाहर मिला। पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया और जांच के आदेश दिए।
रात 10 से 11 बजे के बीच दिया अंजाम
मृतक की पत्नी ने बताया कि घटना रात में 10 से 11 बजे के बीच की है। आगे वाले कमरे में गेट नहीं है। वहीं से आरोपी अंदर आया और घटना को अंजाम दिया। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पत्नी व परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पुलिस जुटा रही जानकारी
देवेन्द्र की मौत आखिर किसने और क्यो की इस बात की जानकारी के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस मृतक की पत्नी द्वारा बताई गई बातों के आधार पर कुछ लोगों जल्द ही गिरफ्तार कर सकती है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.