डाॅ. कफील खान के कांग्रेस में जाने की अटकलें, प्रियंका के कहने पर फिलहाल राजस्थान में हैं

डाॅ. कफील खान ने खुद कहा था कि रिहार्ठ के बाद प्रियंका गांधी ने उनसे बात की थी। उन्हें राजस्थान आने का न्योता दिया था। कफील भी मानते हैं कि वह राजस्थान में सुरक्षित रह सकते हैं।

<p>डाॅ. कफील खान</p>

गोरखपुर. क्या डाॅ. कफील कांग्रेस में जाएंगे? सियासी गलियारों में यह सवाल खूब पूछा जा रहा है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि डाॅ. कफील खान कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं, हालांकि उनके पार्टी में शामिल होन को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर कांग्रेस नेताओं ने पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है। कफील खान की रिहाई के लिये कांग्रेस ने अभियान चलाया और अब उन्हें यूपी से दूर कांग्रेस प्रशासित राजस्थान में ले जाया गया है। इन सबसे ही उनके कांग्रेस में जाने की अटकलों को लगातार बल मिल रहा है।

 

बीआरडी मेडिकल काॅलेज में हुए ऑक्सीजन कांड के बाद चर्चा में आए डाॅ. कफील खान उस मामले में कई महीना जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए तो उसके बाद उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध प्रदर्शनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अलीगढ़ में ऐसे ही एक प्रदर्शन में भड़काऊ भाषण देने को लेकर वह गिरफ्तार हुए और एनएएस के तहत जेल में डाल दिये गए। सरकार उनपर लगा एनएसए लगातार बढ़ाती रही। कांग्रेस पार्टी ने उनकी रिहाई के लिये अभियान चलाया और खुद प्रियंका गांधी ने इसके लिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र तक लिखा।

 

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने डाॅ. कफील खान पर लगा एनएसए हटाकर उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया तो उनके रिहा होने के बाद गोरखपुर आने के बजाय उन्हें कांग्रेस प्रशासति राजस्थान ले जाया गया। डाॅ. कफील खान ने खुद कहा की रिहाई के बाद उनसे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उनसे बात की और उन्हें राजस्थान आने का न्योता दिया। कफील खान के मुताबिक प्रियंका गांधी ने उनसे कहा था कि हम आपको सुरक्षित जगह देंगे। खुद कफील खान भी मानते हैं कि यूपी में उनकी जान को खतरा है, इसलिये वह फिलहाल यूपी से दूर रहेंगे। कफील खान के मुताबिक राजस्थान बाॅर्डर से लगे मथुरा से वह भरतपुर चले गए, जो कांग्रेस प्रशासित राजस्थान में पड़ता है। वह भी मानते हैं कि वह राजस्थान में सुरक्षित रह सकते हैं।

 

कफील खान ने जिस तरह से रिहा होने के तुरंत बाद प्रियंका गांधी के कहने पर यूपी छोड़ दिया और राजस्थान में पनाह ली, जहां कांग्रेस की सरकार है। इसके अलावा वहां प्रेस कांफ्रेंस कर खुद को झूठा फंसाकर जेल में डाले जाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। सियासत में संभावनाओं का महत्व समझने वाले जानकारों को लगता है कि कांग्रेस डाॅ. कफील में भविष्य का नेता देख रही है, लेकिन फिलहाल न तो पार्टी कुछ बोल रही है और न ही डाॅ. कफील ने अपने पत्ते खोले हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.