रात भर का निकाह, सुबह होते ही हो गया तलाक, जानिये क्या है मामला

घर के अंदर जाते ही खुली दूल्हे की पाेल तो दुल्हन ने विदायी से किया इनकार
दूल्हे को निकला पोलियो, बात बढ़ी तो बैठी पंचायत, फिर हुआ दोनों का तलाक

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

गाजीपुर. सबकुछ तय था, दूल्हा बारात लेकर आया, बारातियों का स्वागत हुआ और फिर काजी साहब ने निकाह पढ़ाया तो दोनों ने तीनों ने निकाह कबूल किया और हो गए पति पत्नी। पर ये शादी महज कुछ ही घंटे चली। रात को निकाह हुआ और सुबह सूरज निकला तो तलाक हो गया। ये हैरान कर देने वाला मामला गाजीपुर में मीडिया की सुर्खियां और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।


जानकारी के मुताबिक गाजीपुर जिले के कासिमाबाद क्षेत्र के एक गांव में लड़की की शादी थी। रविवार की शाम दूल्हा बारात लेकर पहुंचा तो उसका बढ़-चढ़कर स्वागत किया हुआ। स्वागत सत्कार के बाद निकाह की रस्म अदा की गई। काजी साहब ने दूल्हा-दुल्हन का निकाह पढ़ाया और तो दोनों ने कबूल किया और निकाह संपन्न हो गया। रात को दूल्हे रस्म अदायगी के लिये घर के अंदर बुलाया गया।


बस इसी दौरान शादी में नया मोड़ आ गया। रस्मों के लिये दूल्हे को घर में ले जाया गया तो किसी महिला ने दूल्हे का पोलियोग्रस्त हाथ और पैर देख लिया जिसके बारे में शादी से पहले न बताने का दावा किया गया। थोड़ी ही देर में बात फैली और जानकारी लड़की को हुई तो उसने विदायी से इनकार कर दिया। इसके बाद बात बढ़ गई और मामला पुलिस तक पहुंचा। मामले में पंचायत के बाद दूल्हे से तलाक दिलवाया गया और दूल्हे राता बारात को लेकर बैरंग वापस लौट गए।

By Alok Tripathi

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.