अलका राय का प्रियंका गांधी को पत्र, मुख्तार के बेटे की शादी की तस्वीरें देख दुखी हूं

कांग्रेस शासित राज्यों पर लगाया मुख्तार और अब्बास के संरक्षण का आरोप

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

गाजीपुर. मोहम्मदाबाद से विधायक भाजपा नेता अलका राय ने मुख्तार अंसारी को लेकर एक बार फिर प्रियंका गांधी को चिट्ठी लिखी है। उनका आराेप है कि कांग्रेस शासित राज्य मुख्तार अंसारी और उनके परिवार को बचाने में जुटे हैं। अलका राय की शिकायत है कि पंजाब की सरकार मुख्तार को यूपी लाकर कोर्ट में पेश करने में रोड़ा बन रही है तो राजस्थान में मुख्तार के बेटे की शादी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जबकि यूपी में पुलिस उनकी तलाश में है। अलका राय ने दूसरी बार लिखे पत्र में अब्बास अंसारी की शादी को लेकर पंजाब और राजस्थान की सरकारों को कटघरे में खड़ा किया है।


अलका राय ने प्रियंका गांधी को लिखे अपने दूसरे पत्र में आरोप लगाया है कि उनके पति की हत्या में शामिल मुख्तार अंसारी पेशेवर और कुख्यात अपराधी हैं, बावजूद इसके कांग्रेस शासित दोनों राज्यों ने उन्हें और उनके बेटे को मेहमान बना रखा है। यूपी में जिसे पुलिस खोज रही है उस अब्बास अंसारी की राजस्थान में धूमधाम से शादी की तस्वीरें छप रही हैं। राजस्थान सरकार के संररक्षण में मुख्तार का ईनामी बेटा शादी कर रहा है।


उन्होंने पत्र में इस बात का जिक्र भी किया है कि यूपी की कई अदालतों में मुख्तार अंसारी वांछित हैं और उन्हें लाने के लिये 32 बार वाहन भेजे जाने के बावजूद पंजाब सरकार मुख्तार को बचाने में जुटी है। पत्र में भावुक होते हुए लिखा है कि एक महिला होने के नाते उम्मीद थी कि आप मेरे दर्द को समझेंगी। पर ऐसा नहीं है। मेरे पिछले पत्र का जवाब तक नहीं दिया। इससे स्पष्ट है कि आप और आपकी सरकार मुख्तार और उसके अपराध के पीछे खड़ी हैं।


बताते चलें कि ऐसा ही एक पत्र बीते साल 27 अक्टूबर को भी विधायक अल्का राय ने प्रियंका गांधी को लिखा था और मुख्तार के संरक्षण का आरोप लगाते हुए सजा दिलाने में मदद मांगी थी। विधायक के मुताबिक प्रियंका गांधी ने उनके पत्र का कोई संज्ञान नहीं लिया।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.