2021 में तैयार होगी देश की पहली स्मार्ट सिटी, इतने हजार करोड़ का आएगा खर्च

केंद्र सरकार स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर अभी तक करीब 30 हजार करोड़ रुपए खर्च कर चुकी है।

<p>2021 में तैयार होगी देश की पहली स्मार्ट सिटी, इतने हजार करोड़ का आएगा खर्च</p>
नई दिल्ली। देश में 100 नए स्मार्ट सिटी बसाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महत्वाकांक्षी योजना के तहत देश का पहला स्मार्ट सिटी 2021 तक तैयार हो जाएगा। यह दावा शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि इस योजना पर अभी तक सरकार करीब 30 हजार करोड़ रुपए खर्च कर चुकी है और इस साल के अंत तक 20 हजार करोड़ रुपए और खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि देश को पहला स्मार्ट सिटी करीब तीन साल बाद मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार 100 शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
2016 में शुरू हुआ था स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की ओर से राज्यसभा में दिए गए बयान के अनुसार इस प्रोजेक्ट पर अभी तक 37 फीसदी धनराशि खर्च हो चुकी है। आपको बता दें कि देश में 100 स्मार्ट सिटी बनाने का प्रोजेक्ट 2016 में शुरू हुआ था। इस प्रोजेक्ट के तहत हर स्मार्ट सिटी को केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपए दिए जाएंगे, जबकि अन्य धन की इंतजाम राज्य सरकार, पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप और कर्ज से किया जाएगा।
स्मार्ट सिटी पर केंद्र सरकार खर्च करेगी 2,05,800 करोड़ रुपए

सरकार की ओर से राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसार देश में बनने वाले स्मार्ट सिटी के निर्माण पर केंद्र सरकार की ओर से 2,05,800 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सरकार ने बताया कि देश में बनने वाले स्मार्ट सिटी का चयन करीब 25 लाख नागरिकों की ओर से किया गया है। इसमें से 90 फीसदी एेसे शहर हैं जो पहले से ही बसे हुए हैं। इनको ब्राउन फील्ड प्रोजेक्ट नाम दिया गया है। इसके अलावा 10 फीसदी नए शहरों का निर्माण होना है। इनको ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट नाम दिया गया है। ब्राउन फील्ड प्रोजेक्ट के तहत पुराने शहरों के नवीनीकरण का कार्य चल रहा है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.