धमतरी

नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी, 157 प्रत्याशियों में कौन बनेगा सिकंदर, सबकी नजर टिकी परिणाम पर

नगर निगम चुनाव की मतगणना शुरू हो चुकी है। चुनाव परिणाम को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई है।

धमतरीDec 24, 2019 / 09:44 am

Bhawna Chaudhary

नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी, 157 प्रत्याशियों में कौन बनेगा सिकंदर, सबकी नजर टिकी परिणाम पर

धमतरी. नगर निगम चुनाव की मतगणना शुरू हो चुकी है। चुनाव परिणाम को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई है। भाजपा क्या अपनी प्रतिष्ठा बरकरार रख सकेगी? कांग्रेस निगम में काबिज होने का अपना सपना पूरा कर सकेगी? क्या निर्दलियों के सहयोग से अगला महापौर का चुनाव होगा? ऐसे कई सवाल है, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है।

इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से पीजी कॉलेज में मतगणना की व्यवस्था की गई है। यहां सुबह 6 बजे से ही जिला पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना को लेकर प्रत्याशियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

भाजपा-कांग्रेस जैसी प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के अलावा अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और उनके एजेंट भी यहां पर उपस्थित हैं। मतगणना शुरू हो चुकी है। सुबह 8:45 बजे स्थितियों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी रजत बंसल और एसपी बीपी राज भानु भी यहां पर पहुंचे थे।

पिछले 21 दिसंबर को नगर निगम का चुनाव हुआ था। इसमें कुल 75.66 फीसदी मतदान हुआ था। भाजपा और कांग्रेस ने सभी 40 वार्डों में अपने प्रत्याशी खड़े किए थे। इसके अलावा बसपा, माकपा, राकांपा, जकांछ ने भी अपने कुछ प्रत्याशियों को भी चुनाव मैदान में उतारा था। भाजपा-कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से वंचित कई निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में थे।

उल्लेखनीय है कि पिछले नगर निगम चुनाव में भाजपा को 24 सीटें मिली थी। 8 कांग्रेस और शेष 8 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीते थे। इस तरह निगम की सत्ता पर भाजपा काबिज हुई थी। इस चुनाव में भी भाजपा ने निगम में अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमनसिंह, पूर्व केबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और अजय चंद्राकर जैसे नेता यहां पार्टी की ओर से मोर्चा सम्हाले हुए थे।

Home / Dhamtari / नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी, 157 प्रत्याशियों में कौन बनेगा सिकंदर, सबकी नजर टिकी परिणाम पर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.