गुरु पूर्णिमा : पीतांबरा पीठ में आज पूजन के लिए उत्तर और दर्शन के लिए मुख्य द्वार से प्रवेश

भीड़ को नियंत्रित करने की गई विशेष व्यवस्था, आने-जाने का अलग इंतजाम

<p>गुरु पूर्णिमा : पीतांबरा पीठ में आज पूजन के लिए उत्तर और दर्शन के लिए मुख्य द्वार से प्रवेश</p>
दतिया. गुरु पूर्णिमा पर्व शनिवार को पूरे जिले में श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। धार्मिक स्थलों पर कई दिनों से चल रहे कार्यक्रमों का समापन तो कई स्थानों पर शुक्रवार से अखंड रामायण पाठ सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
इस बार गुरु पूर्णिमा शनिवार को होने से पीतांबरा पीठ पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमडऩे की संभावना है। पीठ प्रबंधन ने श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की है। ट्रस्ट के मैनेजर महेश दुबे ने बताया कि पीठ पर सिर्फ दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालु मुख्य द्वार से प्रवेश कर सकेंगे और इसी द्वार से बाहर निकलेंगे, जबकि ऐसे श्रद्धालु जिन्हें पादुका पूजन भी करना है वह उत्तर द्वार से प्रवेश करेंंगे। पीतांबरा पीठ पर सुबह 8.30 से 9.30 तक शास्त्री पूजन होगा। शास्त्री पूजन के दौरान मंदिर के पुजारी व ट्रस्टी आदि पूजन कर लेंगे। इसके बाद आमजन पूजन कर सकेंगे। आमजन के लिए पूजन का समय 9.30 से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान श्रद्धालुओं को मास्क आवश्यक रूप से लगाना होगा।
अनामय आश्रम पर श्रीमद भागवत पाठ

गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में अनामय आश्रम पर एक सप्ताह तक श्रीमद भागवत पाठ का आयोजन हुआ। पाठ पूर्ण होने पर शुक्रवार को मंदिर परिसर में हवन के साथ पूर्णाहुति हुई। शनिवार को सुबह से श्रद्धालु गुरु पूजन करेंगे। अनामय आश्रम के अलावा श्री रामानुज धाम, शिवोहम आश्रम, हनुमान गढ़ी, कैंथन वाले हनुमान सहित अन्य स्थानों पर गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया जाएगा। इसके अलावा राजगढ़ चौराहा स्थित हनुमान टीला मंदिर पर श्रीराम कथा का शनिवार को समापन तथा भंडारा होगा।
पंडोखर धाम पहुंचे कई राज्यों के श्रद्धालु

बरका. पंडोखर सरकार धाम पर गुरु पूजन के लिए मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात सहित कई राज्यों के श्रद्धालु पहुंचे हैं। पंडोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक मुकेश गुप्ता सागर ने बताया कि शनिवार सुबह 8 बजे से गुरु पूजन प्रारंभ होगा। इस दौरान महंत गुरुशरण महाराज द्वारा भक्तों को मंत्र दीक्षा प्रदान की जाएगी। मंत्र दीक्षा उपरांत आश्रम में हवन एवं भंडारे का आयोजन होगा।
रामचेरे मंदिर पर होगा सुंदरकांड

दक्ष प्रजापति समाज द्वारा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्री रामचेरे बाबा आश्रम मंदिर पर सुबह 11 बजे से सुंदरकांड एवं महाराजा दक्ष प्रजापति मनाई जाएगी। इस आयोजन के बाद बड़ी माता मंदिर पर कन्या भोज का आयोजन होगा। दक्ष प्रजापति समाज संचालक मंडल ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.