दोस्ती की आड़ में रेप, शिकायत मिलने पर मुंबई पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

आरोपी अमजद ने महिला से दोस्ती कर उसे भरोसे में लिया
नजदीकी बनाने के बाद न्यूड फोटो हासिल किया
ब्लैकमेल की आड़ में दोस्त के साथ किया महिला का रेप

नई दिल्ली। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में दोस्ती, ब्लैकमेल और गैंगरेप का नया मामला सामने आया है। इस मामले में एक पीड़ित महिला की शिकायत पर मुंबई पुलिस को 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोपियों की पहचान अमजद अली ख़ान और नूर शेख़ के रूप में हुई है।
दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में

दोस्ती, ब्लैकमेल और रेप के इस मामले में ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर सिद्धेश्वर गोवे ने कहा कि आरोपियों पर आईपीसी की धारा 376डी, 506 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण सरकारी अस्पताल में कराया गया है।
यह है दोस्ती से रेप तक का पूरा मामला

दरअसल, 25 वर्षीय पीड़ित महिला मूल रूप से महाराष्ट्र के सतारा की रहने वाली है। महिला एक बेटी की मां है। उसका पति से एक साल पहले तलाक हो चुका है। महिला मुंबई में अपनी बहन के घर आती-जाती रहती थी। वहीं पर बहन के पड़ोस में रहने वाले अमजद अली खान से उसकी दोस्ती हो गई। वहीं से मेल मुलाकात का सिलसिला चल पड़ा। खान महिला की बहन के पति का भी जानकार था। जब भी महिला मुंबई आती तो खान से मिलती और साथ घूमने भी जाती थी।

पुलिस की मानें तो खान ने महिला भरोसे में लेकर न्यूड तस्वीरें भेजने को कहा। महिला भी उसके कहे में आकर न्यूड फोटो मोबाइल से भेज दी। इसके बाद अमजद अली ख़ान ने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने साथ ही धमकी दी कि वो उससे आकर मिले नहीं तो वो तस्वीरों को इंटरनेट पर डाल देगा।
महिला ने शहर में आकर खान से मिली तो वो टैक्सी में अपने दोस्त नूर शेख़ के साथ था। दोनों महिला को ट्रॉम्बे क्षेत्र में ले गए। खान जहां काम करता था वहां महिला को एक खाली कमरे में ले गया। महिला का आरोप है कि खान और शेख ने वहां पर रेप किया।
ट्रॉम्बे पुलिस के मुताबिक दोनों ने महिला को धमकाकर सुनसान सड़क पर छोड़ दिया। महिला ने बहन के घर जाकर आपबीती सुनाई। फिर दोनों ने ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन जाकर एफआईआर दर्ज कराई। अगले दिन ख़ान और शेख को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.