क्रिकेट

कभी पिता ने बैट छीनकर कमरे में कर दिया था बंद, अब हैदराबाद ने 1.90 करोड़ रुपए में खरीदा

– विराट सिंह के छोटे भाई विशाल भी अंडर-19 क्रिकेट खेलते हैं
– विराट 20 लाख रुपए के बेस प्राइज के साथ इस नीलामी में शामिल हुए थे

नई दिल्लीDec 20, 2019 / 04:00 pm

Kapil Tiwari

नई दिल्ली। आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2020 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हो चुकी है। इस नीलामी में कई नए खिलाड़ियों को इस बार आईपीएल में खेलने का मौका मिलेगा। ऐसे ही एक चेहरे को सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा है। नाम है विराट सिंह। सनराइजर्स हैदराबाद ने विराट को 1.90 करोड़ रुपए में खरीदा है। उनका बेस प्राइज 20 लाख रुपए था।

झारखंड के लिए अंडर 19 खेलते हैं विराट सिंह

विराट जमशेदपुर के सोनारी के रहने वाले हैं। उन्होंने 17 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलना शुरू किया था। विराट फिलाहल झारखंड के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेलते हैं। इतना ही नहीं उनके बड़े भाई विशाल सिंह भी क्रिकेटर हैं और वो भी झारखंड अंडर-19 में स्टैंडबाय प्लेयर हैं। विराट आने वाले कुछ महीनों में दुनिया की सबसे बड़ी लीग में कई बड़े इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए नजर आएंगे।

परीक्षा खराब होने के बाद पिता ने बैट छीन लिया था- विराट के भाई

विराट के यहां तक पहुंचने की दास्तां भी काफी संघर्षपूर्ण है। एक अखबार से बातचीत में विराट के भाई विशाल ने बताया है कि उन्हें और उनके छोटे भाई को बचपन में क्रिकेट खेलने के लिए संघर्ष करना पड़ता था। विशाल ने ऐसा ही एक वाकया बताया है कि जब विराट चौथी या पांचवीं क्लास में थे, तब परीक्षा में उनके पेपर खराब गए थे। इसके बाद उनके पिता ने गुस्से में विराट का बैट स्टोर रूम में रखवा दिया था। इसके बाद विराट के कोच वी वेंकटराम घर पहुंचे और पिता से मुलाकात के बाद कहा कि विराट में बहुत टैलेंट है, इसे मेरे भरोसे छोड़ दीजिए। विराट एक दिन बड़ा क्रिकेटर बनेगा। इसके दो साल बाद ही विराट डिस्ट्रिक्ट लेवल पर खेलने लगे। फिर अंडर-19 डिस्ट्रिक्ट लेवल पर विराट ने 500 रन बनाए थे। इसी साल विराट ने झारखंड अंडर-16 में चुने गए।

 

ऐसा है विराट का परिवार

विराट सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। उनसे बड़े विशाल सिंह क्रिकेटर हैं जबकि सबसे बड़े भाई विवेक सिंह पेशे से कॉन्ट्रेक्टर हैं। विशाल सिंह ने बताया कि उनके पिता विनोद सिंह पेशे से बिजनेसमैन हैं जबकि मां रेणू सिंह गृहणीं हैं। विशाल ने बताया कि विराट जमशेदपुर स्थित डीबीएमएस से 12वीं पास आउट हैं।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बेहतर प्रदर्शन का मिला इनाम

विराट बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं जो मिडिल ऑर्डर में खेलते हैं। विराट ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 10 मैचों में 343 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने विजय ट्रॉफी के सात मैचों में 83.75 की औसत और 100.60 की स्ट्राइट रेट से 335 रन बनाए थे। आईपीएल ऑक्शन में उन्हें 20 लाख बेस प्राइस मिला था। विराट पहली बार आईपीएल खेलेंगे।

फर्स्ट क्लास करियर और आंकड़े

विराट सिंह ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 24 मैच खेलते हुए दो शतक और तीन अर्धशतक की मदद से 965 रन बनाए हैं। विराट ने लिस्ट ए के 40 मैचों में 36 की औसत से 1249 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 10 अर्धशतक लगाया। टी-20 में विराट सिंह ने कुल 56 मैचों में 1552 रन बनाए हैं और यहां उनका एवरेज 35.27 का रहा है। ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए विराट ने अपनी टीम को 15 सालों बाद देवधर ट्रॉफी जीताने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। फाइनल में उन्होंने मनोज तिवारी के साथ मिलकर 135 रन की साझेदारी की थी।

Home / Sports / Cricket News / कभी पिता ने बैट छीनकर कमरे में कर दिया था बंद, अब हैदराबाद ने 1.90 करोड़ रुपए में खरीदा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.