भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष की हादसे में मौत, चित्रकूट में पिकअप से टकराई थी कार

– प्रदेश उपाध्यक्ष का पुत्र गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी

<p>भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष की हादसे में मौत, चित्रकूट में पिकअप से टकराई थी कार</p>

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
चित्रकूट. उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के सदर कोतवाली अंतर्गत बेड़ी पुलिया के पास बुधवार देर रात एक पिकअप और सफारी कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। सड़क हादसे में घायल भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जयविजय सिंह की बुधवार की रात प्रयागराज के अस्पताल में मौत हो गई। जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस का कहना है कि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष और चित्रकूट भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयविजय सिंह बुधवार शाम बेड़ी पुलिया के पास जीप की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एक जीप ने सिंह की गाड़ी को टक्कर मार दी थी। इसके बाद गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए प्रयागराज ले जाया गया, रात में ही उनकी मौत हो गई है। शव का पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया औऱ टक्कर मारने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बुधवार की देर रात बांदा में आयोजित मंडल की बैठक में शिरकत कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही गाड़ी बेड़ी पुलिया के पास पहुंची तभी सामने से अनियंत्रित गति से आ रही पिकअप ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जय विजय सिंह और उनका बेटा भी घायल हो गया। गंभीर हालत में प्रदेश उपाध्यक्ष को जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद प्रयागराज मेडिकल कालेज ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।

चित्रकूट जिले के रह चुके भाजपा जिलाध्यक्ष

किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व में चित्रकूट जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह सन 2012 से लेकर 2015 तक वह भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता जय विजय सिंह के निधन से जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। गुरुवार जैसे जैसे ही यह खबर यूपी के लोनिवि राज्यमंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय, बांदा-चित्रकूट सांसद आर के सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे को मिली तो उन्होंने गहरा शोक जताया है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.