बारिश से उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार: मंत्री

राज्य के नगर प्रशासन मंत्री ईवी वेलु ने गुरुवार को कहा कि जनता को चक्रवात या बारिश से घबराने की जरूरत नहीं है

<p>बारिश से उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार: मंत्री</p>


चेन्नई. राज्य के नगर प्रशासन मंत्री ईवी वेलु ने गुरुवार को कहा कि जनता को चक्रवात या बारिश से घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राज्य सरकार पूर्वोत्तर मानसून से निपटने के लिए सभी आवश्यक उपाय कर रही है। मानसून सीजन से पहले किए जा रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से वार्ता में मंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हमें यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव उपाय करने का निर्देश दिया है कि चेन्नई को 2015 की तरह बाढ़ की स्थिति का सामना न करना पड़े। इतना ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से विभिन्न इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

 

सरकार ने चेन्नई और उसके आसपास के क्षेत्रों में स्थाई बाढ़ शमन कार्य करने के लिए 2012 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि पल्लावरम और तोरईपाक्कम खंड के बीच 2.४० किलोमीटर के लिए दोतरफा तूफानी जल निकासी का निर्माण किया जाएगा। इस प्रकार से सरकार द्वारा बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है। जनता को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। पहले जैसी स्थिति अब उत्पन्न नहीं होगी।
उन्होंने बताया ग्रेटर चेन्नई कार्पोरेशन में 19 अक्टूबर तक 690.०७ किमी लंबे तूफानी जल निकासी का गाद निकाला गया है। इसके अलावा 1.१२ लाख बिजली के खम्भे, 25 हजार किमी लंबी केबल और 8 हजार ट्रांसफार्मर आकस्मिक स्थिति के लिए तैयार रखे गए हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.