आम लोगों के लिए चेन्नई नगर निगम ने शुरू की व्हाट्सएप सेवा, अब होगा हर समस्या का समाधान

– निगम से जुड़ी शिकायत है तो 9499933644 पर कीजिए व्हाट्सएप

चेन्नई.

ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन ने रीयल टाइम पर शिकायतों के निपटारे के लिए जीसीसी व्हाट्सएप कम्यूनिकेशन सर्विस की शुरूआत की है। यह सर्विस शुरू करने वाला चेन्नई नगर निगम देश का पहला स्थानीय निकाय बन गया है। चेन्नई नगर निगम के उपायुक्त (राजस्व और वित्त) मेघनाथ रेड्डी ने बताया कि जीसीसी व्हाट्सएप कम्यूनिकेशन सर्विस तमिल और अग्रेंजी भाषा में उपलब्ध होगी।

नगर निगम ने व्हाट्सएप नम्बर शुरू किया है। जहां पर लोग अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं। यह व्हाट्सएप नम्बर 9499933644 है। इस व्हाट्सएप नम्बर के शुरू होने से संबंधित विभाग तुरंत दी गई शिकायतों पर कार्रवाई करेंगे और शिकायतों का निवारण की सूचना भी व्हाट्सएप पर ही देंगे। इसके अलावा सबसे महत्वपूर्ण जनता जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, संपत्ति और पेशेवर कर भुगतान, व्यापार लाइसेंस नवीनीकरण और राज्य विधानसभा चुनाव से संबंधित मतदाता सेवाएं जैसी कई सेवाओं के बारे में जांच कर सकते हैं।

मेघनाथ रेड्डी ने बताया कि व्हाट्सएप सेवा पहले से मौजूद शिकायत निवारण प्रणाली के लिए एक अतिरिक्त सुविधा है जिसमें ऑनलाइन शिकायत पोर्टल, नम्मा चेन्नई एप्लीकेशन और नियंत्रण कक्ष शामिल हैं। वाट्सएप की लोकप्रियता को देखते हुए निगम ने इसके जरिए लोगों को जोडऩे की योजना बनाई है। नई प्रणाली एक चैटबोट के रूप में काम करती है। कोई भी व्यक्ति निगम के इस वाट्सएप नम्बर पर अपने मोहल्ले की गंदगी की फोटो या वीडियो डाल सकेंगे। इसके बाद शिकायत पर क्या कार्रवाई हो रही है इसकी जानकारी भी संबंधित पदाधिकारी द्वारा शिकायत करने वाले को दी जाएगी।

निगम आयुक्त जी. प्रकाश ने पहल पर टिप्पणी करते हुए कहा, व्हाट्सएप मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के रूप में नागरिकों के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान बेहद सुविधाजनक और त्वरित हो गया है। हम हमेशा सभी तकनीकी प्रगति के मामले में सबसे आगे रहना चाहते हैं और अपने नागरिकों को एक सहज संचार प्रणाली प्रदान करते हैं। आमजन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं और हम इस तरह की अन्य पहल करने की योजना बना रहे हैं, जिससे पहुंच में आसानी हो।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.