घर-घर में तैयारी, बाजारों में खरीदारी

मिट्टी व चीनी से बने करवा की हो रही खरीदारी

<p>घर-घर में तैयारी, बाजारों में खरीदारी</p>
बीकानेर. अखंड सुहाग की कामना को लेकर करवा चौथ पर्व २४ अक्टूबर को मनाया जाएगा। घरों व बाजारों में इसकी तैयारियां शुरू हो गई है। महिलाओं ने सजने -संवरने से लेकर आभूषणों तक की खरीदारी शुरू कर दी है। करवा चौथ को लेकर बाजारों में विशेष भीड़ नजर आ रही है। करवा चौथ पर होने वाले पूजन के लिए मिट्टी व चीनी से बने करवा की दुकानें भी सज गई है। जूनागढ़ रोड, चौतीना कुआ के पास, जस्सूसर गेट, बड़ा बाजार, गंगाशहर सहित विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के बर्तनों की दुकानों पर मिट्टी से बने करवा सज गए है। महिलाएं इनकी खरीदारी कर रही है। वहीं जोशीवाड़ा सहित शहर में विभिन्न स्थानों पर संचालित हो रही चीनी उत्पादों की दुकानों पर चीनी से बने करवा की भी बिक्री हो रही है।

डिजाइनदार करवा कर रहे आकर्षित
करवा चौथ पर पारम्परिक रूप से मिट्टी से बने करवा के उपयोग का अधिक प्रचलन है। घर-घर में महिलाएं करवा चौथ के दिन प्रमुखता से उपयोग करती है। बड़ी संख्या में बिक्री होने से कई डिजाइनों व रंगों में करवा उपलब्ध हो रहे है। बाजारों में जहां मिट्टी से बने सामान्य करवा उपलब्ध है, वहीं डिजाइनदार करवे भी महिलाओं को आकर्षित कर रहे है। मिट्टी बर्तन व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि कलात्मक व डिजाइनदार करवा गुजरात, नागौर, हनुमानगढ़ सहित कई स्थानों से बिक्री के लिए बीकानेर पहुंच रहे है। महिलाओं में करवा चौथ व्रत -पूजन के लिए डिजाइनदार करवा की मांग बनी हुई है।

१५ से ६० रुपए प्रति नग
करवा चौथ को लेकर विभिन्न आकार, डिजाइन और रंगों में करवा की बिक्री हो रही है। मिट्टी बर्तन दुकानदार रामचन्द्र के अनुसार मिट्टी से बने सामान्य करवा २० से ३० रुपए प्रति नग अनुसार बिक रहे है। वहीं डिजाइनदार कलात्मक करवा ४० से ६० रुपए प्रति नग अनुसार बिक रहे है। चीनी उत्पाद व्यवसाय से जुड़े रवीन्द्र जोशी के अनुसार चीनी से बना करवा १५ रुपए प्रति नग अनुसार बिक रहा है।

हो रही खरीदारी
करवा चौथ को लेकर महिलाओं ने खरीदारी शुरू कर दी है। शहर के विभिन्न बाजारों में स्थित साडि़या, सौन्दर्य प्रसाधन सामान, चप्पल -सैंडिल, आर्टिफिशियल ज्वैलरी सहित सोने व चांदी के आभूषणों, विभिन्न प्रकार के उपहार आदि की दुकानों पर करवा चौथ को लेकर महिलाएं खरीदारी कर रही है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.