अमेरिका में लड़का और कनाडा में लड़की, ऑनलाइन की सगाई…

– बीकानेर में परिवार के लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़कर दिया आशीर्वाद
 

<p>अमेरिका में लड़का और कनाडा में लड़की, ऑनलाइन की सगाई&#8230;</p>
-रमेश बिस्सा
बीकानेर. ना ही महमानों की भीड़, ना ही हल्ला गुल्ला। कोई तामझाम नहीं, बस परिवार के सदस्य एक साथ बैठे। मूंह मीठा कराया और हो गई लड़के-लड़की की सगाई। दादी से लेकर परिवार के सभी सदस्यों ने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ही युगल को आशीर्वाद दिया। कोरोना संक्रमण के खतरे और लॉकडाउन की बंदिशों ने आर्थिक पहलू के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों पर भी असर डाला है। बीकानेर के अमेरिका में प्रवास कर रहे लड़के और जोधपुर के परिवार की कनाडा में रह रही लड़की की सगाई ऑनलाइन सम्पन्न हुई है।
इस अनूठी ऑनलाइन सगाई के साक्षी दोनों पक्षों के रिश्तेदार बने। कोरोना के चलते शादी-विवाह के बड़े समारोह अब तीस-चालीस लोगों की मौजूदगी में सम्पन्न होने लगे हैं। रिंग सेरेमनी और सगाई के मौके पर बड़े आयोजन ऑनलाइन ही संपन्न होने लगे हैं। मुरलीधर व्यास कॉलोनी में रविवार को सेवानिवृत प्राचार्य अशोक आचार्य के पुत्र की सगाई इसी कड़ी की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। सादगी और सामाजिक दूरी की पालना के साथ आचार्य व पुरोहित परिवार ने अपने लड़के और लड़की की सगाई ऑनलाइन सम्पन्न कराई।

लॉकडाउन ने बदला प्रोग्राम

बीकानेर निवासी अशोक चंद्र आचार्य ने अपने पुत्र श्रीनिवास आचार्य की सगाई जोधपुर निवासी डॉ. अरुण कुमार पुरोहित की पुत्री ऐश्वर्या के साथ रविवार को सादगी के साथ की। श्रीनिवास पेशे से इंजीनियर और वर्तमान में अमेरिका के सीएटल शहर में कार्यरत है। पहले दोनों परिवारों और लड़का-लड़की ने बीकानेर आकर सगाई समारोह का कार्यक्रम बनाया था। परन्तु लॉकडाउन और कोरोना संक्रमण के खतरे के चलते ऑनलाइन का निर्णय किया गया। लड़की ऐश्वर्या भी इंजीनियर है और वर्तमान में कनाड़ा के ओटावा शहर में एमएस की पढ़ाई कर रही है। वो भी अपने घर जोधपुर नहीं जा सकी।
निर्धारित तारीख पर संपन्न हुई सगाई

परिवार के सदस्य मधुसुधन पुरोहित ने बताया कि दोनों परिवारों ने पिछले साल दिसंबर में ही दोनों की सगाई करना तय किया। इसके लिए 14 जून का दिन तय किया गया। एेसे में तय दिन लड़का-लड़की के भारत नहीं लौट पाने और लड़की के परिवार के सदस्यों के बीकानेर नहीं आ पाने के चलते वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की तकनीक को अपनाया गया।
देखो जमानो बदलयो…
सगाई की रस्म में शामिल लड़के की दादी 89 वर्षीय चंद्रा देवी से इस अनूठी सगाई के बाद में पूछा तो बोली ‘देखो जमानो बदलयो… छोरी दूर देश में है और छोरो भी दूसरे दूर देसां में। कम्प्यूटर में तो इैयां लाग रैयो है जाणे घर में ही बैठयां है। वे पुराने दौर का स्मरण करते हुए बताती है कि अब तो सौ प्रतिशत ही जमाना बदल गया है। पोते की सगाई की जब रिश्तेदारों ने बधाई दी, तो बहुत खुशी हुई। अशोक आचार्य ने बताया कि लॉकडाउन की पालन में बड़ी मितव्यता के साथ बड़ी रस्म सम्पन्न हो गई।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.