भोपाल

तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को सौंपे गए विभाग, रविवार को ली थी मंत्री पद की शपथ

ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक हैं गोविंद सिंह राजपूत और तुलसी सिलावट।

भोपालJan 05, 2021 / 11:36 am

Pawan Tiwari

भोपाल. नव-नियुक्त मंत्रियों तुलसीराम सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को सोमवार को विभाग आवंटित कर दिये गये हैं। मंत्री सिलावट को जल-संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग दिया गया है। इसी प्रकार मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को राजस्व एवं परिवहन विभाग का दायित्व सौंपा गया है। बता दें कि शिवराज सिंह चौहान के सत्ता में आने के बाद दोनों ही नेताओं को यहीं विभाग सौंपे गए थे।
रविवार को ली थी शपथ
शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अपनी कैबिनेट का विस्तार किया था। कैबिनेट विस्तार में दो लोगों को शामिल किया गया था। राजभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत मंत्री पद की शपथ दिलाई थी। दोनों मंत्रियों के शपथ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस समेत भाजपा के कई नेता मौजूद थे।
सांवेर से विधायक हैं सिलावट
तुसली सिलावट इंदौर जिले की सांवेर विधानसभा सीट से विधायक हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद उपचुनाव में उन्होंने कांग्रेस के प्रेमचंद गुड्डू को चुनाव हराया था। वहीं, गोविंद सिंह राजपूत सागर जिले की सुरखी से उपचुनाव में जीत कर आए हैं। दोनों ही नेताओं को सिंधिया का करीबी माना जाता है।
शिवराज कैबिनेट में अभी भी 4 पद खाली
तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद अभी भी शिवराज कैबिनेट में चार मंत्रियों के पद खाली हैं।

Home / Bhopal / तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को सौंपे गए विभाग, रविवार को ली थी मंत्री पद की शपथ

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.