कांग्रेस नेता के निधन पर शोक की लहर, कमलनाथ, दिग्विजय के साथ शिवराज और सिंधिया भी हुए भावुक

कांग्रेस नेता के निधन से मध्यप्रदेश में भी शोक की लहर, पूर्व सीएम कमलनाथ, राज्यसभा सदस्य दिग्विजय समेत कई दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि…।

<p>bhopal tribute digvijay singh gets emotional and remembers ahmed patel</p>

भोपाल। कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे अहमद पटेल के निधन से मध्यप्रदेश में भी शोक की लहर है। कांग्रेस नेता उनके निधन से दुखी हैं, वहीं बुधवार सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। चौहान ने कहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री अहमद पटेल के निधन का दुःखद समाचार मिला है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों को इस वज्रपात को सहने की क्षमता दें, मैं यही प्रार्थना करता हूँ।

 

https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1331433779026485251?ref_src=twsrc%5Etfw
कमलनाथ बोले- मेरे बेहद करीबी मित्र

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भी अपने शोक संदेश में अहमद पटेल के निधन को अपूर्णीय क्षति बताया। उन्होंने ट्वीट किया- मेरे बेहद करीबी मित्र, वर्षों के साथी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के दुखद निधन का समाचार स्तब्ध करने वाला है। उनका निधन मेरे लिए बेहद व्यक्तिगत क्षति है। उनका असमय चले जाना कांग्रेस परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जो सदैव अपूर्णीय है। कमलनाथ ने पटेल के परिवार के प्रति शोक संवदेना व्यक्त की हैं।

https://twitter.com/OfficeOfKNath/status/1331427350743969792?ref_src=twsrc%5Etfw
भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अहमद पटेल के निधन पर दुख व्यक्त किया है। सिंधिया ने कांग्रेस में रहते हुए अहमद पटेल के साथ बिताए पलों को याद करते हुए एक तस्वीर भी शेयर की है। साथ ही ट्वीट में लिखा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल जी के दुःखद निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति दे। ॐ शांति I
https://twitter.com/JM_Scindia/status/1331457086396325888?ref_src=twsrc%5Etfw

भावुक हुए दिग्विजय सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने बहुत भावुक होकर अपने साथी अहमद पटेल को याद किया। उन्होंने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि अहमद पटेल नहीं रहे। एक अभिन्न मित्र विश्वसनीय साथी चला गया। हम दोनों सन् 77 से साथ थे। वे लोकसभा में पहुंचे, मैं विधान सभा में। हम सभी कांग्रेसियों के लिए वे हर राजनैतिक मर्ज की दवा थे। मृदुभाषी, व्यवहार कुशल और सदैव मुस्कुराते रहना उनकी पहचान थी।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने अगले ट्वीट में लिखा कि कोई भी कितना ही ग़ुस्सा हो कर जाए उनमें यह क्षमता थी वे उसे संतुष्ट कर ही भेजते थे। मीडिया से दूर पर कांग्रेस के हर फैसले में अहमद पटेल शामिल रहते थे। कड़वी बात भी बेहद मीठे शब्दों में कहना उनसे कोई भी सीख सकता था। कांग्रेस पार्टी उनका योगदान कभी नहीं भुला सकती। दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा- अहमद भाई अमर रहें।


दिग्विजय ने लिखा कि अहमद भाई बहुत ही धार्मिक व्यक्ति थे। वो कहीं पर भी रहें, नमाज पढ़ने से कभी नहीं चूकते थे। आज देव उठनी एकादशी भी है, जिसका सनातन धर्म में बहुत महत्व है। अल्लाह उन्हें जन्नतउल फिरदौस में आला मक़ाम अता फ़रमाएं। आमीन।

 

https://twitter.com/digvijaya_28/status/1331381916746928129?ref_src=twsrc%5Etfw
जीतू पटवारी ने की ईश्वर से प्रार्थना

पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने भी कांग्रेस नेता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पटवारी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि राज्यसभा सांसद अहमद पटेल जी के निधन की ख़बर अत्यंत दुःखद है..। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति व उनके परिवारजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ..।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.