भोपाल. मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ द्वारा मंत्री इमरती देवी के दिए गए बयान पर जमकर सियासत हो रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कमल नाथ के बयान की निंदा की है। राहुल गांधी ने कहा कि इस तरह का बयान मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है।
क्या कहा राहुल गांधी ने
मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा- कमलनाथ जी मेरी पार्टी के हैं, लेकिन व्यक्तिगत रूप से मुझे उस प्रकार की भाषा पसंद नहीं है जिसका उन्होंने इस्तेमाल किया है। मैं इसकी सराहना नहीं करता, चाहे वह कोई भी हो। यह दुर्भाग्य है।
क्या कहा था कमलनाथ ने?
बता दें कि रविवार को डबरा विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने भाजपा प्रत्याशी और मंत्री इमरती देवी का नाम लेना तक उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि हमारे राजे (कांग्रेस प्रत्याशी) तो सीधे-सादे और सरल हैं। ये उसके जैसे नहीं हैं। मैं क्यों उसका नाम लूं। इतने में लोग बोले- इमरती देवी। इस पर हंसते हुए कमलनाथ बोले- आप लोग मेरे से ज्यादा उसको पहचानते हैं। आप लोगों को तो मुझे पहले ही सावधान कर देना चाहिए था। वह क्या आइटम है।
भाजपा ने किया था प्रदर्शन
बता दें कि कमलनाथ के इस बयान के बाद मध्यप्रदेश की सियासत गर्म हो गई है। भाजपा ने सोमवार को मौन व्रत रखा था। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेटर भी लिखा था। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कांग्रेस पर हमला बोला था।