Patrika Radio पर सुनिए कोरोना से जुड़ी 6 बजे तक की बड़ी ख़बरें

पत्रिका के रेडियो बुलेटिन में प्रस्तुत है शुक्रवार शाम 6 बजे तक की खबरें…।


स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेस में कहा कि देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 2301 हो गई है, जबकि 56 लोगों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 336 नए पॉजिटिव मिले हैं।

 

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा है कि एक घटना के कारण देश के 14 राज्यों में जो मरीज बढ़े हैं, उनकी संख्या 647 है। उन्होंने सभी से अपील की है कि एक व्यक्ति की सेफ्टी से ही सबकी सेफ्टी होगी। एक भी गलती होने पर हम फिर से पीछे चले जाएंगे और हमारे प्रयासों को धक्का लगेगा।

 

इधर, गृह मंत्रालय ने देशभर में चल रही लॉकडाउन की स्थिति को संतोषजनक बताया है। गृह मंत्रालय की प्रवक्ता के मुताबिक तबलीगी जमात से जुड़े 960 विदेशियों को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। साथ ही चिकित्सा कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर लोगों से अपने घरों में ही रहने की अपील की है। उन्होंने देश की जनता को एकजुट करने के लिए कहा कि इस रविवार को हम सब मिलकर कोरोना के संकट के अंधकार को चुनौती देकर उसे प्रकाश की ताकत का परिचय कराना है। इसलिए 5 अप्रैल को रात 9 बजे 9 मिनट के लिए घर की सभी लाइटें बंद कर घर के दरवाजे या बालकनी पर खड़े रहकर 9 मिनट तक मोमबत्ती, दिया या मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाएं।

 

मध्यप्रदेश में कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ते जा रही है। प्रदेश में शुक्रवार सुबह तक प्रदेश में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 119 पहुंच गई है। वहीं अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। यह संक्रमण मध्यप्रदेश के 9 जिलों तक पहुंच गया है। सबसे ज्यादा 89 मामले इंदौर में आए हैं, वहीं 5 संक्रमित लोगों की मौत हुई है।

 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना के खिलाफ लड़ने वालों से कहा है कि वे कोरोना के खिलाफ लड़ाई जारी रखें। आपकी सुरक्षा की पूरी जवाबदारी हमारी है। उस घटना में शामिल सभी अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला करने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गई है।

 

मध्यप्रदेश में लॉकडाउन के 10वें दिन सभी शहरों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरत का सामान खरीदने के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सभी जिलों से सख्ती के साथ लॉकडाउन का पालन कराने की खबरें आ रही हैं।


पत्रिका की अपील है कि आप भी अपने परिवार के साथ घरों में रहें और सुरक्षित रहें।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.