भिण्ड : 20 घंटे की बारिश से ढह गए गरीबों के चार आशियाने

गनीमत इतनी कि बच गईं जानें, तीन साल से पीएम आवास के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रहे पीडि़त, मामला दबोह क्षेत्र का

<p>भिण्ड : 20 घंटे की बारिश से ढह गए गरीबों के चार आशियाने</p>
दबोह. भिण्ड जिले की लहार तहसील के दबोह क्षेत्र में तेज बारिश के कारण चार कच्चे मकान गिरने की घटना हुई। सरकारी योजनाओं के तहत आवास के लिए तीन साल पहले हितग्राहियों ने आवेदन किया था। हितग्राहियों को योजना का लाभ नहीं मिला। पीडि़त सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाकर परेशान हो गए। बारिश में कच्चे मकान गिरने की घटनाओं में परिवारों को सब कुछ नष्ट हो गया।
भिंड जिले की लहार तहसील के दबोह क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण गरीब परिवारों के चार परिवारों के कच्चे मकान ढह गए। इसमें तीन मकान दबोह नगर परिषद के वार्ड में और एक मकान अमाहा पंचायत के कुंवरपुरा गांव में गिर गए। कच्चे मकानों में पीडि़तों का एक साल का अनाज और पालतू जानवरों के भूसा सहित गृहस्थी का सामान रखा हुआ था। मिट्टी में दबकर सब खराब हो गया। अब साल भर पीडि़त परिवार अनाज और भूसे के संकट से जूझना पड़ेगा। पीडि़तों को नगर परिषद की ओर से मदद नहीं मिल रही है।
घटना-01 : बाहर था परिवार इसलिए बच गए
दबोह क्षेत्र की अमाहा पंचायत के कुंवरपुरा गांव में भारत सिंह दोहरे का कच्चा बुधवार सुबह ९ बजे ढह गया। घटना के समय पत्नी खेत पर चारा लेने के लिए गई थी। बच्चे बाहर खेल रहे थे। भारत सिंह मजदूरी के लिए मंडी में गए हुए थे। कच्चे मकान के बरामदे और दूसरे कच्चे कमरे में रात गुजार रहे हैं। भारत सिंह दोहरे मजदूरी करके परिवार पाल रहे हैं।
घटना-02 : बरामदे में सो रहा था परिवार
दबोह नगर के वार्ड ११ निवासी अनंतराम कौरव का कच्चा मकान 18-19 की दरमियानी रात को दो बजे ढह गया। घटना के समय परिवार के लोग बरामदे में सो रहे थे। मकान ढहने से वहां पर रखा हुआ गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। नगर परिषद और राजस्व विभाग की ओर से पीडि़त को किसी प्रकार की राहत नहीं मिली है। पशुपालन करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। अब पूरे साल पालतू जानवरों को भूसा की परेशानी होगी।
घटना -03 : अनाज और गृहस्थी का सामान नष्ट
दबोह नगर के वार्ड 10 में रहने वाले भगवान दास का कच्चा मकान 18-19अक्टूबर की दरमियानी रात को बारिश के कारण जमीदोंज हो गया। घटना के समय वे सामने वाले कच्चे मकान में थे। इसमें उनका गृहस्थी का सामान रखा हुआ था। जो कच्चा मकान गिरा उसमें ही अनाज और पालतू जानवरों के लिए भूसा रखा हुआ था। भगवान दास कैंसर से पीडि़त है। बीमारी में भी बहुत खर्च हो रहा है। जैसे-तैसे अपनी बीमारी का इलाज करवा पा रहे हैं। तीन साल पहले पीएम आवास के लिए किए गए आवेदन पर सुनवाई नहीं की गई। उन्हें आवास नहीं मिला।
घटना -04 : भरभराकर गिर गया मकान
दबोह नगर परिषद के वार्ड सात निवासी बेवा मरीयम खान का कच्चा मकान १९ अक्टूबर की दोपहर के समय दो बजे ढह गया। उस समय उनका बेटा बाजार में सब्जी का ठेला लगाने गया था। वे अपने परिवार के बच्चों के साथ बाहर बैठी थी तभी अचानक भर भराकर कच्चा मकान ढह गया। उनके पास सिर छिपाने के लिए छत के नाम पर एक टीनशेड हैं। परिवार उसी में दिन गुजार रहा है। उनकी गृहस्थी का सारा सामान दबकर खराब हो गया। वर्ष 2018 में पीएम आवास के तहत नगर परिषद दबोह में आवेदन किया। अभी तक उन्हें आवास नहीं मिला। परिवार का पालन पोषण करने के लिए आय का कोई स्रोत नहीं है। बेटा सब्जी का ठेला लगाता है। उससे ही परिवार का पालन पोषण हो रहा है।
तेज बारिश के कारण जो कच्चे मकान ढहे हैं उनका सर्वे कराया जाएगा। यदि आवास का फॉर्म जमा है तो उनको नियमानुसार पूरी कार्रवाई कर आवाास दिलाए जाएंगे। पीडि़तों को मुआवजा भी दिलाया जाएगा।
बाबूलाल कुशवाह, सीएमओ नगर पालिका, दबोह
दबोह क्षेत्र में जिन लोगों के कच्चे मकान ढह गए हैं उनको मुआवजा के लिए सर्वे कराया जाएगा। आवास के लिए भी आवेदनों की जांच कराकर काम किया जाएगा। जल्द ही पूरी कार्यवाही की जाएगी।
आरए प्रजापति, एसडीएम, लहार
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.