समाजवदी पार्टी ने विकास यादव को बनाया भदोही का जिलाध्यक्ष, भाजपा सरकार आने के बाद छिन गई थी ब्लाॅक प्रमुख की कुर्सी

समाजवादी पार्टी ने युवा चेहरे विकास यादव को भदोही का जिलाध्यक्ष घोषित करते हुए सोशल इंजीनियरिंग के तहत हृदय नारायण प्रजापति को जिला महासचिव नियुक्त किया है।

<p>विकास यादव</p>

भदोही. यूपी के भदोही के समाजवादी पार्टी में काफी समय से चल रही जिलाध्यक्ष की तलाश आखिरकार पूरी हो गयी। युवा चेहरे पर दांव लागते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाल विद्या विकास यादव को समाजवादी पार्टी ने भदोही का जिलाध्यक्ष और हृदय नारायण प्रजापति को जिला महासचिव नियुक्त किया है। विकास यादव पेशे से अधिवक्ता भी हैं। उन्हें जिलाध्यक्ष बनाये जाने के बाद पूर्व विधायक जाहिद बेग सहित पार्टी ने नेताओं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है।

 

बाल विद्या विकास यादव भदोही की राजनीति में उस समय चर्चा में आये थे जब समाजवादी पार्टी ने उनकी पत्नी सुनीता यादव को भदोही ब्लॉक प्रमुख का टिकट दिया था और वो जीत गईं। इसके बाद पिछले पंचायत चुनाव में खुद विकास यादव सपा से ब्लॉक प्रमुख बने और उनकी पत्नी सुनीता यादव जिला पंचायत सदस्य चुनी गईं।


2017 में भाजपा सरकार आने के बाद विकास यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें प्रमुख पद से हटा दिया गया। विकास यादव पार्टी के कार्यक्रमो में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते रहे और अखिलेश यादव से भी बीच-बीच में जिले के मुद्दों को लेकर मुलाकात करते रहे। युवा नेता होने के चलते अखिलेश यादव के निर्देश पर उन्हें जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

 

इसके साथ ही सोशल इंजीनियरिंग करते हुए पार्टी ने हृदय नारायण प्रजापति को पार्टी का जिला महासचिव बनाया। इसके पहले आरिफ सिद्दीकी जिलाध्यक्ष और ओम प्रकाश यादव जिला महासचिव के पद पर थे, लेकिन कुछ माह पहले पार्टी ने सभी जिला कार्यकारिणियों को भंग कर दिया गया था तभी से पार्टी में नए जिलाध्यक्ष की तलाश चल रही थी।

By Mahesh Jaiswal

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.