जयपुर में भर्ती प्रसूता कोरोना संक्रमित, आठ जने आए संपर्क में

शाहपुरा निवासी है कोरोना संक्रमित महिला
-शाहपुरा ब्लॉक में अब तक 6 कोरोना संक्रमित

<p>जयपुर में भर्ती प्रसूता कोरोना संक्रमित, आठ जने आए संपर्क में</p>

शाहपुरा। शाहपुरा ब्लॉक में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को नगर पालिका इलाके के वार्ड संख्या 4 निवासी एक प्रसूता के जांच में कोरोना पॉजिटिव आया है। इसके साथ ही ब्लॉक में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या ६ हो गई है। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक उक्त महिला जयपुर के जनाना अस्पताल में भर्ती है। इसके संपर्क में आए आठ जनों को चिकित्सा टीम ने होम क्वारंटीन किया हुआ है। बीसीएमओ डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि कस्बे के वार्ड संख्या 4 निवासी कोरोना पॉजिटिव जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती है। जहां पर जांच किए जाने पर वह पॉजिटिव पाई गई है। इसके संपर्क में आठ जने आए है। जिनकों होम क्वारंटीन किया है।
साथ ही चिकित्सा टीम ने वार्ड में दमकल की सहायता से सैनिटाइजर किया। बुधवार को सभी के सैम्पल लेकर जांच के लिए जयपुर भेजे जाएंगे। उक्त महिला को प्रसव पीडा होने पर शाहपुरा से जयपुर रैफर किया गया था। जहां 31 मई को जयपुर के जनाना अस्पताल में महिला के प्रसव हुआ।

दिनभर ढूंढती रही चिकित्सा टीम


जयपुर से मिली सूचना पर शाहपुरा चिकित्सा टीम दिन भर कोरोना पॉजिटिव को ढूंढती रही। उक्त महिला के परिजनों के मोबाइल नम्बर भी गलत आ रहे थे। बाद में चिकित्सा टीम ने पुलिस की सहायता से महिला के निवास स्थान का पता लगाया और पुष्टि की। महिला के संपर्क में आए छह जनों को शाहपुरा में होम क्वारंटीन किया है। वहीं महिला के साथ गए दो जनों को जयपुर में क्वारंटीन किया है।

पॉजिटिव के संपर्क में आए 22 जनों की जांच नेगेटिव


शाहपुरा के ग्राम कांट में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए 22 जनों की जांच नेगेटिव आई है। जिससे चिकित्सा एवं प्रशासन ने राहत की सांस ली। बीसीएमओ डॉ. शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले ग्राम कांट में दिल्ली से आए युवक के कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई थी। जो निम्स में क्वारंटीन है। उसके संपर्क में आए २२ जनों की जांच नेगेटिव आई है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.