येडियूरप्पा को राज्य की जनता से ज्यादा कुर्सी की चिंता: देवगौड़ा

karnataka cm yediyurappa latest news, जनता दल-एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री येडियूरप्पा के लिए राज्य की जनता के हितों के बजाय अपनी कुर्सी बचाना अधिक महत्वपूर्ण है

<p>जनता दल-एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा </p>
बेंगलूरु. जनता दल-एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री येडियूरप्पा के लिए राज्य की जनता के हितों के बजाय अपनी कुर्सी बचाना अधिक महत्वपूर्ण है और इसी के लिए वे दिल्ली गए। देवेगौड़ा ने पार्टी कार्यालय जेपी भवन में एक बैठक से पहले कहा कि उपचुनावों के कार्यक्रम की घोषणा होते ही येडियूरप्पा को अपनी कुर्सी की फिक्र है। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा रहा है, इसकी सीएम को चिंता नहीं है। अपनी कुर्सी हिलती देख पार्टी आलाकमान के साथ चर्चा करने दिल्ली गए हैं। उन्होंने कहा कि वे सदस्यता से अयोग्य विधायकों के बारे में अधिक कुछ नहीं कहना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री को अयोग्य विधायकों की चिंता
पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने ट्वीट करके कहा कि मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा के पास प्राकृतिक आपदा के लिए केंद्र सरकार से अनुदान लाने का समय नहीं है, लेकिन लोकतंत्र विरोधी आपरेशन कमल में मदद करने वाले अयोग्य विधायकों के हितों की रक्षा के लिए केंद्रीय गृहमंत्री के साथ मुलाकात का पर्याप्त समय है। अयोग्य विधायकों की खातिर सीएम का गृहमंत्री से मिलना यह साबित करता है कि इस सरकार की वरीयता क्या है। चार केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, तीन उपमुख्यमंत्री, 25 सांसद फिर भी पार्टी के किसी नेता के पास राज्य के हित साधने का समय नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.