बेंगलूरु में पुलिस जवानों की संख्या बढाएंगे : परमेश्वर

24,875 पुलिस कर्मचारियों का बल गठित होगा

<p>karnataka news,Banglore news,police news,bengluru news,</p>

बेंगलूरु. उप मुख्यमंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने कहा है कि बेंगलूरु की जनसंख्या के अनुपात में पुलिस जवानों की नियुक्ति होगी। शहर के लिए 24,875 पुलिस कर्मचारियों का बल गठित होगा। बुधवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में इस साल अब तक दर्ज आपराधिक मामले और उनकी प्रकृति, आरोपियों की गिरफ्तारी और अदालतों में दाखिल आरोपपत्र तथा अन्य विषयों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक के बाद उन्होंने कहा कि बेंगलूरु में 18,331 पुलिस कर्मचारी कार्यरत हैं। गत एक माह के दौरान 1,575 पुलिस कर्मचारियों ने ड्यूटी रिपोर्ट कर ली। 1500 पुलिस कर्मचारियों का प्रशिक्षण चल रही है। बेंगलूरु में पुलिस कर्मचारियों को तीन चरणों आवास की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना के तहत 11 हजार आवास की कॉलोनियां बन रही हैं। इस साल 1,164 आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। बेंगलूरु विकास प्राधिकरण (बीडीए) से निर्मित दो हजार फ्लैट की खरीदी भी होगी। पुलिस आरक्षकों के वेतन में वृद्धि का फैसला लिया गया है। सीआइडी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (चयन एवं प्रशिक्षण) राघवेन्द्र औरदकर के नेतृत्व वाली समिति ने देश के सभी राज्यों में पुलिस कर्मचारियों को दिए जा रहे वेतन, भत्तों और अन्य सुविधाओं पर आधारित एक विस्तृत रिपोर्ट पेश की थी। इस रिपोर्ट की सिफारिशों पर पुलिस आरक्षकों को हर माह वेतन के साथ 2000 रुपए अतिरिक्त भत्ता दिया जा रहा है। सिफारिशों को मंजूरी देने के लिए छटे वेतन आयोग से अनुरोध किया है, जिसके बाद वेतन अधिक होगा।
त्योहार में चौकन्ना रहे पुलिस बल

परमेश्वर ने गौरी-गणेश उत्सव में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी उप संभागों के सहायक पुलिस आयुक्तों और आठ संभागों के पुलिस उपायुक्तों को भी चौकन्ना रहने का निर्देश दिया है। कहा कि किसी भी अप्रिय घटना के लिए संबंधित क्षेत्रों के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। गश्ती करने वाले हर पुलिस कर्मचारी को हर एक घर के बारे में विवरण रखना होगा। त्योहारों पर नागरिकों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
108 विदेशियों को बाहर करने का प्रस्ताव

बैठक से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर उप मुख्यमंत्री ने बताया कि गुंडा अधिनियम के तहत अभी तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मादक पदार्थ बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। आभूषण छीनने वालों पर भी गुंडा अधिनियम का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है। मादर्क पदार्थ बिक्री के 60 मामले दर्ज किए हैं। जिनमें 270 आरोपियों में से 28 विदेशी लोगों की गिरफ्तारी हुई है। 108 विदेशी नागरिकों को देश से बाहर भेजने के लिए विदेश मंत्रालय को एक प्रस्ताव भेजा गया है।
बेंगलूरु में 75.64 लाख हुए वाहन

पुलिस विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बेंगलूरु में 11 सिंतबर तक वाहनों की कुल संख्या 75 लाख, 64 हजार 180 हो गई है। 2017 में यातायात नियमों का उल्लंघन के 1.01 करोड़ से ज्यादा मामले दर्ज हुए, जिनसे 1.12 अरब रुपए रुपए जुर्माना वसूला गया। इस साल अब तक 54.86 लाख मामले दर्ज कर 55 करो? रुपए का जुर्माना वसूला गया है। 32 जंक्शन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अन्य 300 पर कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा 625 बहुद्देश्यीय कैमरे भी लगाए जाएंगे। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त टी. सुनील कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्व) सीमत कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम) बी.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) आर. हितेन्द्र, कई पुलिस उपाायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त उपस्थित थे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.