बैंगलोर

98.23 फीसदी सफलता के साथ बेंगलूरु रहा तीसरे स्थान पर

– सीबीएसइ के 10वीं के नतीजे
 

बैंगलोरJul 16, 2020 / 12:53 am

Nikhil Kumar

98.23 फीसदी सफलता के साथ बेंगलूरु रहा तीसरे स्थान पर

बेंगलूरु.

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Central Board of Secondary Education) ने 10वीं कक्षा परिणामों की घोषणा बुधवार को कर दी। 98.23 पास प्रतिशत (CBSE 10th Result 2020 declared, 98.23 percent pass in Karnataka) के साथ बेंगलूरु रीजन देश भर में तीसरे स्थान पर रहा। 99.28 पास प्रतिशत के साथ तिरुवनंतपुरम रीजन पहले जबकि 98.95 पास प्रतिशत के साथ चेन्नई रीजन दूसरे स्थान पर है।

सीबीएसइ (CBSE) 12वीं की तरह 10वीं परीक्षा में भी बेटियों का प्रदर्शन बेटों से बेहतर रहा। देश भर में 90.14 लड़कों की तुलना में 93.31 फीसदी लड़कियों ने सफलता हासिल की। बेंगलूरु रीजन में लड़कों की सफलता दर 97.66 और लड़कियों की 98.94 रही।

सीबीएसइ बेंगलूरु के क्षेत्रीय अधिकारी विकास अरोड़ा ने बताया कि सीबीएसइ ने कर्नाटक के स्कूलों के लिए पहली बार बेंगलूरु को एक अलग रीजन के तौर पर शामिल किया है। बेंगलूरु रीजन में 871 स्कूलों के 56316 (31315 लड़के और 25001 लड़कियां) विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें से 56226 (31246 लड़के और 24980 लड़कियां) विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। कदाचार के तीन मामले पकड़े गए। देश भर में केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थियों का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। लेकिन कर्नाटक में सरकारी स्कूलों के बच्चों ने बाजी मारी।

कर्नाटक में सरकारी स्कूलों की सफलता दर 100 फीसदी रही। इंडिपेंडेंट स्कूलों की सफलता दर 98.06, नवोदय विद्यालयों की 99.60, केंद्रीय विद्यालयों की 99.59 और तिब्बतियन विद्यालय प्रशासन (सीटीएसए) की सफलता दर 97.08 रही।

सरकारी स्कूलों के 461 विद्यार्थियों में से 461, इंडिपेंडेंट स्कूलों के 49008 विद्यार्थियों में से 48939, नवोदय विद्यालयों के 2262 विद्यार्थियों में से 2259, केंद्रीय विद्यालयों के 4418 विद्यार्थियों में से 4414 और सीटीएसए के 141 में से 137 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के कारण देश भर में परीक्षाएं पूर्ण रूप से संपन्न नहीं हो सकीं। बचे पेपरों के लिए नई मार्किंग स्कीम से अंक दिए गए हैं।

जिन विद्यार्थियों ने परीक्षाएं पूरी की थीं उनके परिणाम प्रदर्शन के आधार पर घोषित किए गए। ऐेसे विद्यार्थी जो तीन विषयों से अधिक में शामिल हुए उन्हें तीन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाले विषयों में प्राप्त किए गए अंकों का औसत उन विषयों में दिया गया जिनकी परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। ऐसे विद्यार्थी जो केवल तीन विषयों की परीक्षा में ही शामिल हुए उन्हें भी दो सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाले विषयों में प्राप्त किए गए अंकों का औसत उन विषयों में दिया गया जिनकी परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी।

Home / Bangalore / 98.23 फीसदी सफलता के साथ बेंगलूरु रहा तीसरे स्थान पर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.