बालाघाट

तीन दिवसीय आदिरंग महोत्सव 23 से

प्रदेश की आदिवासी संस्कृति का होगा प्रदर्शन, प्रदेश के 9 से अधिक जिलों के आदिवासी कलाकार होंगे शामिल

बालाघाटOct 22, 2021 / 09:57 pm

Bhaneshwar sakure

तीन दिवसीय आदिरंग महोत्सव 23 से

बालाघाट. भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत विशेष संकटापन्न जनजातीय समूहों के क्षेत्र में जनजातीय अनुसंधान संस्था के माध्यम से 16 से 31 अक्टूबर के मध्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए गए हैं। 23 से 25 अक्टूबर तक शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट के खेल मैदान में आदिरंग उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी जनजातीय अनुसंधान एवं विकास संस्था मप्र भोपाल के संयुक्त संचालक नीतिराज सिंह ने दी। वे पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शिवगोविंद मरकाम और आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक संचालक विनय राहंगडाले भी मौजूद थे।
संयुक्त संचालक नीतिराज सिंह ने बताया कि जनजातीय अनुसंधान एवं विकास संस्था द्वारा बालाघाट जिले में 23 से 25 अक्टूबर को आदिरंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में विशेष संकटापन्न जनजाति समूह बैगा के पारम्परिक खेलकूद की प्रतियोगिताओं के आयोजन के अलावा जनजातीय शिल्प कलाओं के विक्रय के लिए आदिशिल्प, जनजातीय संस्कृति के परिचय कराते चित्रों पर आधारित प्रदर्शनी आदिबिम्ब, पारम्परिक जनजातीय व्यंजनों के विक्रय के लिए आदिव्यंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति आदिरंग का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में बैतूल, छिंदवाड़ा, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, शहडोल के अलावा अन्य जिलों के लगभग एक हजार आदिवासी कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगें। बालाघाट जिले में यह आयोजन आदिवासी संस्कृति एवं परंपरा को करीब से जानने व समझने का अवसर सुलभ कराएगा। इस आयोजन के दौरान आदिवासी खेल सर्रा व किल्लो का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस आयोजन में आदिवासी संस्कृति एवं परंपरा पर आधारित सामग्री एवं भोजन के स्टाल भी रखे जाएंगे।

Home / Balaghat / तीन दिवसीय आदिरंग महोत्सव 23 से

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.