बालाघाट

आंबेडकर अनुयायियों ने पूर्व विधायक समरिते को पहनाई कंडोम की माला

पूर्व विधायक समरिते के बाबा साहब आंबेडकर को संविधान की पुस्तक भेंट करने जताया विरोध

बालाघाटAug 04, 2021 / 09:46 pm

Bhaneshwar sakure

आंबेडकर अनुयायियों ने पूर्व विधायक समरिते को पहनाई कंडोम की माला

बालाघाट. लांजी-किरनापुर क्षेत्र के पूर्व विधायक किशोर समरिते को आंबेडकर अनुयायियों ने उस समय कंडोम की माला पहनाई, जब वे स्थानीय आंबेडकर चौक पर स्थित बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा की पूजा-अर्चना कर संविधान की पुस्तक समर्पित कर रहे थे। हालांकि, पूर्व विधायक समरिते ने आंबेडकर अनुयायियों द्वारा पहनाए गए कंडोम के हार को सहर्ष स्वीकार किया। उनका किसी भी तरह से विरोध नहीं किया।
जानकारी के अनुसार बालाघाट जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा संविधान का पालन नहीं किए जाने के विरोध में पूर्व विधायक किशोर समरिते ने बुधवार को बालाघाट के आंबेडकर चौक पर स्थित डॉ. बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा की पूजा-अर्चना कर संविधान की प्रति भेंट करने का ऐलान किया था। जिसके चलते बुधवार को वे अपने समर्थकों के साथ बालाघाट पहुंचे और बाबा साहब आंबेडकर की पूजा-अर्चना कर संविधान की प्रति भेंट की।
इस मामले में पूर्व विधायक किशोर समरिते का कहना है कि बालाघाट जिले में अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा सिविल सर्विस कंडक्ट रुल का पालन नहीं किया जा रहा है। इतना ही नहीं उन्हें उसी दायरे में काम करना चाहिए, जो संविधान कहता है। लेकिन जिले में ऐसा कहीं भी नहीं हो रहा है। उन्होंने आंबेडकर अनुयायियों द्वारा विरोध जताने और कंडोम की माला पहनाने के विषय में कहा कि जिन लोगों ने उन्हें कंडोम की माला पहनाई है, उन्हें विषय वस्तु के बारे में जानकारी नहीं है। वहीं जिस प्रकरण को लेकर उनके द्वारा विरोध जताया जा रहा है, उसमें न्यायालय ने उन्हें बरी कर दिया है। जो लोग अपने आपको आंबेडकर अनुयायी कहते हैं, वे अनुयायी न होते हुए दूसरे के इशारों पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश में जब एड्स बहुत तेजी से फैल रहा था, उस समय देश के प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी और आंध्रप्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू थे, तब बिल गेट्स के भारत आगमन पर उनका स्वागत कंडोम की माला से किया गया था। दरअसल, बिल गेट्स ने एड्स की रोकथाम के लिए अपने देश से कंडोम सहित अन्य सामग्री भेजी थी। जिसके लिए उनका स्वागत कंडोम की माला से किया गया था। पूर्व विधायक समरिते ने कहा कि बाबा साहब के सम्मान के लिए वे कंडोम क्या जूते की माला भी पहनने को तैयार हैं।
इधर, आंबेडकर अनुयायी बसंत वागदे का कहना है कि वर्ष २००६ में लांजी क्षेत्र के ही बोलेगांव में पूर्व विधायक समरिते द्वारा बाबा साहब आंबेडकर का अपमान किया गया था। जिसका प्रकरण अभी भी चल रहा है। जिसके चलते बुधवार को पूर्व विधायक समरिते द्वारा घोषणा अनुरुप जो कार्य किया जा रहा था, उसका विरोध जताया गया है।

Home / Balaghat / आंबेडकर अनुयायियों ने पूर्व विधायक समरिते को पहनाई कंडोम की माला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.